पानीपत। राज नगर के रहने वाले दुकानदार ने एक वकील समेत तीन पर शहर थाना क्षेत्र में एक प्लाॅट बेचने के नाम पर 24.50 लाख रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है। उसकी शिकायत पीड़ित ने एसपी को दी है, एसपी के आदेश पर वकील समेत तीनों पर शहर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राज नगर निवासी राजेश ने बताया कि वह दुकानदारी कर अपना गुजर बसर करता है। 29 अप्रैल को उसने अपने दोस्त अमित दूहन के माध्यम से एक प्लाॅट का इकरारनामा वकील राकेश मान, मां सुशीला मान, भाई विकास मान से सौदा किया था। उसने पांच लाख रुपये नकद दिए थे। 12 अगस्त को एक लाख रुपये नकद, 25 अगस्त को नौ लाख रुपये नकद और 19.50 लाख रुपये का चेक दिया था, लेकिन राकेश मान ने उसे व अमित दूहन को कहने लगे कि उनके प्लाट पर बैंक का लोन है। इसलिए उन्हें चेक की बजाए ये पेमेंट आरटीजीएस करानी होगी।
30 अगस्त को उसने सुशीला के खाते में साढे़ नौ लाख रुपये आरटीजीएस कर दिए। आरोपियों ने धोखाधड़ी से यह राशि हड़पने के लिए 31 अगस्त को उसे व अमित दूहन को कोर्ट में बुलाया और कहने लगा कि पांच लाख रुपये कटवाकर बाकी पेमेंट ले लो, वह प्लाॅट नहीं बेचते। थाना शहर प्रभारी जाकिर हुसैन ने बताया कि दुकानदार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।
रुपये वापस मांगे तो तैश में आ गए आरोपी
अमित दूहन ने वकील राकेश मकान से कहा कि वह प्लाट नहीं बेचना चाहते तो उनकी रकम वापस कर दो, जिससे वकील तैश में आ गया। गाली-गलौज करने लगा। उसने धमकी दी कि वह वकील है, तुम्हारे खिलाफ ऐसा मुकदमा दर्ज करवाउंगा कि तुम याद रखोगे। आरोपी ने उसे झूठे मुकदमे में फसाने की धमकी दी।