पानीपत। वार्ड 15 के अंतर्गत आने वाले किशनपुरा और शिवनगर एरिया में होली खेल रहे तीन दोस्तों के साथ कहासुनी करने वाले युवकों ने तीन दिन बाद उन पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित के तीन दोस्तों को काफी चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
किशनपुरा चौकी पुलिस को दी शिकायत में आमिर वासी किशनपुरा ने बताया कि मजदूरी करता है। 25 मार्च को वह अपने दोस्त आकाश व शिवम वासी किशनपुरा के साथ श्मशान रोड शिवनगर के पास होली खेल रहा था। इसी दौरान वहां सुशील उर्फ काली वासी छाबड़ा वाली गली किशनपुरा व उसका दोस्त आकाश और सत्यम वासी किशनपुरा आ गए। वे शराब के नशे में थे। तीनों उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान बीच बचाव के लिए अन्य लोग भी मौके पर एकजुट हो गए तो आरोपी मौके से चले गए। इसके बाद वीरवार शमा करीब दस बजे जब वह अपने दोस्त आकाश व शिवम के साथ गुप्ता फैक्टरी के पास बैठे थे तो उसी समय सुशील उर्फ काली, आकाश अपने आठ से दस साथियों के साथ लाठी डंडों लेकर आए और उनसे मारपीट शुरू कर दी। सुशील उर्फ काली ने उसके बाएं बाजू और कमर पर डंडे बरसाए। उसके दोस्त शिवम को आकाश ने सिर और कान के ऊपर दाई तरफ और बाएं बाजू पर डंडे से कई चोटें मारी। भीड़ इकट्ठी होने पर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। हमले में घायल तीनों दोस्तों को इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।