शहर के सबसे पॉश एरिया मॉडल टाउन शिवाजी स्टेडियम चौक पर क्वालिटी कैफे के डायरेक्टर की पत्नी और नौकरानी को पिस्तौल के दम पर बंधक बनाकर तीन बदमाशों ने लाखों की लूट अंजाम दी। सुबह ईश्वर दास बंगले से कैफे के लिए जैसे ही गए, वैसे ही हथियारों से लैस तीन बदमाश बंगले में घुस गए। घर में मौजूद नौकरानी और ईश्वर दास की पत्नी पर पिस्तौल तान दी और महज 10 मिनट में तीन कमरे खंगाले डाले। करीब आठ तोले सोने के आभूषण और अन्य सामान लूट लिया। जाते वक्त नौकरानी और मालकिन को पीटा और हाथ बांध दिए। इसके बाद एक ही बाइक पर सवार होकर तीनों फरार हो गए। खास बात यह है कि इस दौरान बदमाश अपना हेलमेट वहीं छोड़ गए।
बदमाशों के जाने के बाद नौकरानी ने खुद को बंधक मुक्त किया और पड़ोसियों से मदद की गुहार लगाई। मालकिन ने भी खुद को बंधक मुक्त किया और पति ईश्वर दास को फोन कर वारदात की सूचना दी। ईश्वर दास ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम नंबर पर दी। एसपी सुमित कुमार, डीएसपी विजेंद्र कुमार व मॉडल टाउन प्रभारी सुनील कुमार मौके पर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पड़ोसियों के सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों की फोटो निकाल कर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद विज ने पीड़ित परिवार को क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया।
दोनों महिलाओं से मारपीट करते हुए दिया लूट की वारदात को अंजाम : क्वालिटी कैफे व क्वालिटी बेकरी के डॉयरेक्टर 63 वर्षीय ईश्वर दास का मॉडल टाउन में बंगला नंबर 623-एल है। वीरवार सुबह करीब सवा 11 बजे ईश्वरदास लाल बत्ती चौक स्थित क्वालिटी कैफे पर जाने के लिए अपने बंगले से निकले थे। इनके जाने के करीब 15 मिनट बाद ही यानी साढ़े 11 बजे तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर बंगले पर आ धमके। बदमाशों ने बंगले का पहले गेट खोला और अंदर घुसते ही बायीं ओर बनी रसोई में एक बदमाश चला गया। इसके अलावा दो बदमाश सीधे अंदर की ओर चले गए। रसोई में बर्तन धो रही नौकरानी सीता रानी को बदमाश ने धमकाते हुए पूछा कि बीबी (मालकिन) कहां हैं? नौकरानी ने चिल्लाते हुए बीबी को आवाज दी। बदमाश ने तुरंत पिस्तौल निकाल कर नौकरानी को गोली मारने की धमकी देते हुए खामोश कर दिया। पिस्तौल देखकर सीता के हाथ से कप नीचे छूट गया। इसके बाद बदमाश उसे कालर से पकड़ कर अंदर की डाइनिंग टेबल की ओर ले गया। जहां पहले से ही मौजूद दो बदमाश 61 वर्षीय मालकिन उषा चानना के साथ मारपीट कर रहे थे। बदमाशों ने दोनों महिलाओं से मारपीट करके घर में रखी नकदी व जेवरात आदि के बारे में पूछा। लेकिन कोई भेद न मिलने पर बदमाश दोनों महिलाओं को सामने वाले कमरे में ले गए। ये कमरा ईश्वरदास के बेटे धीरज का था। इसके बाद दोनों महिलाओं को ईश्वर दास के बेडरूम में ले गए। जहां दीवार पर टंगी चाबी से दराज को खोलते ही बदमाशों के हाथ करीब सवा से डेढ़ लाख रुपये की नकदी हाथ लगी। नौकरानी की करीब एक तोले सोने की बालियां सहित, मालकिन के सात तोले के जेवरात और मालकिन के पर्स से करीब 8 हजार रुपये की नकदी के अलावा मालकिन का आईफोन लूट लिया। बदमाश जाते हुए दोनों महिलाओं के हाथ पीठ के पीछे कराकर चुन्नी से बांध दिए और फरार हो गए।
वारदात का तरीका ऐसा जैसे घर से पूरी तरह थे परिचित : बदमाश घर के कोने-कोने से परिचित मालूम पड़ रहे थे। बुधवार को ही ईश्वरदास का बेटा धीरज उसकी पत्नी व बच्चों के साथ शिमला घूमने गया था। बंगले के अंदर जाने वाले दो गेट में से अंदर किससे से जाना है, यह बदमाशों का पता था। इस गेट की आमूमन कुंडी खुली रहती है। नौकरानी अपनी मालकिन को बीबी कहती है और यही शब्द बदमाशों ने भी इस्तेमाल किया। बदमाशों ने सिर्फ तीनों कमरों के बेड व दराज ही चेक किए। इसके अलावा घर की किसी भी चीज को देखा तक नहीं। घर से बाहर निकलने का एक रास्ता सिर्फ घरवालों को ही पता था, इस रास्ते को भी बदमाश जानते थे।
कमरे में ले जा, पिस्तौल तान बोले बदमाश, डेढ़ लाख दे, डेढ़ लाख : पहले कमरे मेें ले जाने पर उषा के माथे पर पिस्तौल तानकर डेढ़ लाख मांगे। जिस पर उषा ने कहा कि वो इस घर की नहीं है, अपना मोबाइल नंबर दो, वह बाद में कॉल कर बुला लेंगे और पैसे देंगी। जिस पर बदमाश बोले की घर में जो भी कैश है, वो दो। जिस पर बदमाशों ने नौकरानी की कानों की करीब एक तोले की सोने की बालियां झपटी, इसके बाद उषा के हाथों से 7-7 ग्राम की तीन सोने की अंगुठियां ली, उसके साढ़े तीन तोले के सोने के दो कड़े लिए। साथ ही उषा के पर्स से 2 हजार के तीन नोट, 500 का एक नोट व 10 के करीब 400 रुपये के नोट यानी कुल करीब 8 हजार की नकदी उषा के पर्स से लूट ली। आईफोन के अलावा करीब डेढ़ लाख की नकदी ईश्वरदास के दराज से लूट ली।
बेड खोलकर वृद्ध को उसमें फेंका : बदमाश ने जब वृद्ध महिला उषा को थप्पड़ मारा तो वृद्धा का चश्मा नीचे गिर गया। जिसे एक बदमाश ने पैर रखकर तोड़ दिया। जब महिला ने बदमाशों से कहा कि उसे कुछ नहीं दिख रहा है, कम से कम उसका चश्मा तो उसे लौटा दो। इसी बात पर गुस्साए बदमाश ने कमरे में रखा बेड खोलकर उसमें वृद्धा को गिरा दिया।
मॉडल टाउन के दस कैमरों में कैद हुए बदमाश, सनौली रोड की मिली बदमाशों की आखिरी लोकेशन : मॉडल टाउन के करीब दस सीसीटीवी कैमरों में बदमाश कैद हो गए। जिसमें से एक मुख्य कैमरा ईश्वरदास के सामने वाले पड़ोसी एडवोकेट के बंगले के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में तीनों बदमाश कैद हो गए। पुलिस ने इसी फुटेज को निकाल कर जिला पुलिस व्हाट्सएप ग्रुप पर शेयर कर दी। इसके अलावा बदमाश उषा का जो आईफोन भी ले गए थे, उसकी आखिर लोकेशन सनौली रोड पर करीब 2 बजे की आई थी। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश वारदात को अंजाम देकर शिवाजी स्टेडियम से विराट नगर वाली नहर से होते हुए बाहर ही बाहर सनौली रोड की ओर निकल गए। जहां से वे यूपी होते हुए हरिद्वार के कावड़ियों की भीड़ में शामिल हो गए।
शक की सुई इस ओर भी : वारदात के दौरान नौकरानी बोली, बीबी दे दो पैसे, जान बच जाएगी : इस पूरे मामले में किसी परिचित के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। नौकरानी सीता रानी पिछले 15 दिनों पहले ही ईश्वरदास के बंगले में काम करने आई थी। इनके बंगले में पहले रिंकी नामक नौकरानी काम करती थी। दोनों नौकरानी बिहार के दरभंगा जिले की हैं। जोकि पानीपत में कच्चा कैंप व पुरेवाल कॉलोनी में रहती हैं। गत दिनों रिंकी गांव चली गई। वह अपनी जगह पर सीता को लगा गई थी। रिंकी बुधवार को ही गांव से लौटी थी। वारदात के दौरान जब बदमाश उषा से डेढ़ लाख मांग रहे थे, तो उषा बोली की वो इस घर की नहीं है। इसी दौरान नौकरानी सीता रानी बोली की बीबी पैसे दे दो, हमारी जान बच जाएगी।
पुलिस के लिए है चुनौती : एसपी सुमित कुमार
एसपी सुमित कुमार ने कहा कि दिन-दहाड़े पॉश एरिया में गन प्वाइंट पर लूट हुई है। इसे नकारा नहीं जा सकता है। पुलिस के लिए चुनौती जरूर है, लेकिन हमेशा की तरह इस मामले को भी जल्द ट्रेस कर लिया जाएगा। इस मामले को ट्रेस करने के लिए डीएसपी विजेंद्र सिंह, सीआईए, मॉडल टाउन थाना प्रभारी सुनील कुमार सहित कई टीमें काम कर रही हैं।