गांव रिसालू निवासी वृद्धा रोशनी की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके दामाद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ करने, वारदात में प्रयोग की गाड़ी और घर से चोरी किए गहने बरामद करने के लिए मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा और जहां से उनकी रिमांड ली जाएगी।
सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि गांव निवासी दीपक ने मां की हत्या करने का आरोप फुरलक गांव निवासी अपने जीजा राकेश पर लगाया था। दीपक ने बताया था कि जीजा ने पहले 9 बीघा जमीन नाम कराई और बाद में उसे बेचने का आरोप लगा दिया। एक मार्च को वह उसे अपने साथ मुर्गी फार्म पर ले गया और वहां पर उससे मारपीट की। तीन मार्च को उसकी मां को भी जीजा साथ ले गया और उससे भी मारपीट की। तीन मार्च की रात को रोशनी की मौत हो गई। उसी दिन आरोपी राकेश अपने साथियों के साथ दीपक के घर गया और करीब डेढ़ लाख रुपये और गहने अपने साथ ले गया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमवार को आरोपी राकेश, दोस्त गुरमीत और रवि को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने प्राथमिक पूछताछ में बताया कि उन्होंने ही पीट-पीटकर रोशनी की हत्या की थी। इसके बाद वे शव को गांव रिसालू ले गए और तालाब में फेंक दिया।