Three accused who robbed Himachal Pradesh youth arrested, sent to jail
- फोटो : Panipat
पानीपत। सिवाह बाईपास के पास हिमाचल प्रदेश के युवक से लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को सीआईए-2 ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग की बाइक, लूटी गई 3800 रुपये की नकदी में से 700 रुपये और मोबाइल बरामद किया गया। न्यायालय में पेेश करने के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को सूचना मिली थी कि तीन युवक एक सीडी डीलक्स बाइक पर सवार होकर रेलवे रोड के पास संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को काबू कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने करीब 20 दिन पहले ट्रक चालक से लूटपाट की घटना स्वीकार की। उनकी पहचान गांव बिंझौल निवासी विजय, रविदास नगर निवासी शरद और राजनगर निवासी राहुल के रूप में हुई।
इससे पहले हिमाचल प्रदेश के सोलन निवासी भगत सिंह ने सेक्टर-29 थाना पुलिस को शिकायत दी थी, जिसमें बताया गया कि वह ट्रक लेकर दिल्ली जा रहा था। तभी पानीपत बाईपास के पास ट्रक खराब हो गया। इस दौरान तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और उससे मोबाइल फोन व 3800 रुपये लूट ले गए।