पानीपत। एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिल बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया।
एंटी व्हीकल थेप्ट इंचार्ज सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि आरोपियों की पहचान जसमेर व दीपक निवासी बाबरपुर व अनमोल निवासी रावतपुर शहजांपुर यूपी हाल बाबरपुर के रूप में हुई। तीनों आरोपियों को पुलिस ने सेक्टर 13-17 कट पर नाकाबंदी कर गिरफ्तार किया। मोटरसाइकिल के कागजात मांगने पर तीनों युवक बहाने बाजी करने लगे। गहनता से पूछताछ की तो आरोपियों ने उक्त मोटरसाइकिल जीटी रोड पर स्थित होटल स्वर्ण महल के सामने से दो नवंबर को चोरी करने बारे में स्वीकारा। मोटरसाइकिल चोरी की वारदात बारे थाना समालखा में धर्मेंद्र निवासी मनाना की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है। गहनता से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने पानीपत व समालखा से दो अन्य मोटरसाइकिल चोरी करने के बारे स्वीकारा। मोटरसाइकिल चोरी की उक्त वारदात बारे थाना पुराना औद्योगिक व थाना समालखा में मुकदमा दर्ज है।
खुद की मोटरसाइकिल न होने पर चोरी की-
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों के पास खुद की मोटरसाइकिल नहीं थी तो तीनों ने मिलकर पानीपत व समालखा में अलग अलग स्थानाें से तीन मोटरसाइकिल चोरी की। आरोपियों ने चोरी की दो बाइक बाबरपुर गंदा नाला के पास झाड़ियों में छुपाकर खड़ी की थी, जिसको पुलिस ने बरामद किया।