संवाद न्यूज एजेंसी
मतलौडा। मतलौडा थाना क्षेत्र के कवी गांव में हलवाई शेखर की मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों अनिल, राजबीर उर्फ काला और जितेंद्र उर्फ बिंद्र को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उन्होंने अन्य साथियों के साथ मिलकर लेन-देन को लेकर शेखर की पिटाई की बात स्वीकार की है। पुलिस ने वीरवार को तीनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी राजेश ने बताया कि 14 सितंबर 2024 को कवी गांव निवासी नीटू ने थाने में शिकायत दी थी। उसने बताया कि उसका बड़ा भाई शेखर गांव के अड्डे पर हलवाई की दुकान करता था। एक साल पहले राजबीर और अनिल ने मकान बनाने के लिए शेखर से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। पैसे वापस मांगने पर उनके बीच कहासुनी हो गई।
शिकायत के अनुसार, 10 सितंबर 2024 को अनिल, राजबीर, विनोद, सेठी, अमित, बिंद्र और उनके घर की महिलाओं ने शेखर की दुकान पर हमला कर उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद आरोपी खुद थाने पहुंचे और शेखर के खिलाफ ही प्राथमिकी दर्ज करा दी। पुलिस ने शेखर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
14 सितंबर को नीटू अपने भाई शेखर से मिलने जेल पहुंचा तो उसे उसकी तबीयत खराब होने की जानकारी मिली। शेखर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था। नीटू अस्पताल पहुंचा तो पता चला कि शेखर की मौत हो चुकी है। इसके बाद नीटू की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर बुधवार शाम अनिल, राजबीर उर्फ काला और जितेंद्र उर्फ बिंद्र को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में तीनों ने शेखर के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।