- शहर की राजकीय आईटीआई में दो चरणों में 928 सीटों में से हुए महज 308 दाखिले
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दो चरण की काउंसिलिंग व दाखिला प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को तीसरे चरण की मेरिट सूची जारी कर दी गई। ऑनलाइन आवेदन करते हुए छात्रों ने जो मोबाइल नंबर पंजीकृत कराए थे, उन पर मैसेज भी आ गया। जिन छात्रों का नाम तीसरी मेरिट लिस्ट में आया है, अब उनके दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन 26 जुलाई तक होगा। वहीं, 27 जुलाई तक फीस जमा करवाई जाएगी। वहीं, पहली मेरिट सूची में नाम आने पर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। कई विद्यार्थी दाखिला करवाने के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में पहुंचे।
मंगलवार शाम तक प्रदेश में 20260 आवेदन सत्यापित किए गए जिनमें से 19346 के दाखिले किए जा चुके हैं। इनमें राजकीय आईटीआई में 17618 और निजी आईटीआई में 1728 दाखिले हुो चुके हैं। शहर के राजकीय आईटीआई में पहले दो चरणों में 928 सीटों में से महज 308 सीटों पर दाखिला हुआ है जो करीब 33 प्रतिशत है जबकि 620 सीटें रिक्त हैं। अब तीसरे चरण में सीटें भरना आईटीआई प्रबंधन के लिए चुनौतीपूर्ण होगा।
तीसरी वरीयता सूची 22 जुलाई को जारी होगी। तीसरे चरण में अभ्यर्थी 22 से 27 जुलाई तक फीस जमा करवा दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे। दाखिले के दौरान दस्तावेजों की जांच 26 जुलाई तक होगी। जिले की नौ राजकीय आईटीआई में करीब 2400 सीटों पर दाखिला किया जाना है।
आईटीआई में दाखिले के दौरान विद्यार्थी इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में दाखिले को प्राथमिकता दे रहे हैं। वहीं, अभ्यर्थी कोपा, फिटर, मशीनिस्ट, स्टेनोग्राफर, वायरमैन जैसी ट्रेडों में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इस कारण इन ट्रेडों में 50 प्रतिशत से अधिक सीटों पर दाखिला हो चुका है। वहीं, फॉर्गर एंड हीट ट्रीटर, शीट मेटल वर्कर, वूड वर्क टेक्नीशियन, फाउंड्रीमैन, टूल एंड डाई मेकर, टर्नर जैसी ट्रेडों में 10 प्रतिशत से भी कम दाखिले हुए हैं। आईटीआई प्रबंधन का कहना है कि आईटीआई में दाखिला लेने से उनमें कौशल का विकास होगा और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेगी।
इन दस्तावेज की आवश्यकता
आईटीआई में दाखिला लेते समय विद्यार्थियों को हस्ताक्षर युक्त फोटो, आधार कार्ड, 10वीं, 12वीं की अंकतालिका, परिवार पहचान-पत्र, बैंक खाता, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, आय प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र आदि जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। पहली व दूसरी काउंसलिंग में दाखिले से वंचित विद्यार्थी तीसरे चरण में छात्र 500 रुपये व छात्रा 250 रुपये जुर्माना राशि देकर दाखिला ले सकेंगे।
आइटीआई में मंगलवार को तीसरे चरण की मेरिट सूची जारी कर दी गई। तीसरी सूची में जिन विद्यार्थियों का नाम आया है, वे 26 जुलाई तक दस्तावेजों की जांच और 27 जुलाई तक फीस जमा करवा दाखिला ले सकते हैं। पहले दो चरणों में 308 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। कुल तीन मेरिट लिस्ट जारी होंगी।
- डॉ. कृष्ण कुमार, प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई