बिजली जाने के बाद चोर गांव उग्राखेड़ी स्थित एक फार्म हाउस के स्टोर रूम की खिड़की उखाड़कर अंदर घुसे और अलमारी में रखी 40 हजार रुपये की नकदी चुराकर फरार हो गए। बुधवार सुबह होने पर चोरी का खुलासा हुआ। चांदनीबाग थाना पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है।
गांव उग्राखेड़ी निवासी धर्मवीर मलिक ने बताया कि वह किसान हैं। मंगलवार को गांव में बिजली कट था। उनका परिवार सोया था। वह सुबह उठे और स्टोर रूम में गए तो सामान बिखरा पड़ा था। स्टोर रूम की खिड़की उखड़ी हुई थी। उन्होंने सामान चेक किया तो अंदर रखी अलमारी के ताले टूटे मिले। अलमारी के लॉकर में रखी 40 हजार रुपये की नकदी चोरी मिली। चोरों ने अलमारी के कपड़े और अन्य दस्तावेज को खंगाला, लेकिन गहने न मिलने पर वह फरार हो गए। धर्मवीर मलिक ने बताया कि उनके फार्म हाउस के पीछे खेत हैं। उन्हें आशंका है कि किसी करीबी ने ही वारदात को अंजाम दिया है, क्योंकि चोर को पता था कि स्टोर रूम किस तरफ है और अलमारी कहां रखी है। उन्होंने बुधवार सुबह चांदनीबाग थाना पुलिस को वारदात की सूचना दी।