शहर में चोरी की वारदातों का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। सक्रिय चोर गिरोह वीरवार रात को देवपुरी रोड स्थित हैंडलूम की एक दुकान को निशाना बनाकर आठ लाख कीमत के कपड़े के करीब 50 थान चोरी कर ले गए। शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से पुलिस के पसीने छूट गए। पुलिस के आला अधिकारियों ने चोरी की वजह पुलिस की कमी को स्वीकारा है।
थाना चांदनी बाग क्षेत्र के अंतर्गत देवपुरी रोड पर गंगा गार्डन के पीछे वैष्णो ड्रेस दुकान में करीबन आठ लाख का सामान चोरी हो गया। चोरों ने वीरवार देर रात दुकान का शटर उखाड़कर वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने पहले सीसीटीवी कैमरे की तारे काटने के बाद वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी कैमरे में चोरों की हरकते कैद नहीं हो पाई है। वैष्णो ड्रेस दुकान के मालिक गोपाल सलूजा निवासी खैल बाजार ने बताया कि वह वीरवार रात नौ बजे दुकान को बंद कर घर चला गया था।
सुबह साढ़े पांच बजे वह सैर करने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान उसने दुकान का शटर उखड़ा हुआ पाया। चोरों ने सीसीटीवी कैमरे की तारे भी तोड़ दी। दुकान से आठ लाख के कपड़े के 50 थान चोरी थे। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना थाना चांदनी बाग पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस की सूचना पर एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम ने मौके से नमूने उठाए। पुलिस ने गोपाल सलूजा के ब्यान पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। विदित है कि बुधवार की रात को जीटी रोड स्थित एक शोरूम व मॉडल टाउन निवासी दंत चिकित्सक के घर करीब एक करोड़ रुपये की चोरी कर ली गई थी। पुलिस ने इसमें मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस अधिकारियों इन मामलों में उचित कार्रवाई करते हुए उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया था, लेकिन उसी रात को एक बार फिर से चोरी हो गई।
पुलिस कर्मियों की ड्यूटी पंचायती चुनाव में लगी हुई है। इस कारण शहर में सुरक्षा थोड़ी कमजोर है। कहीं न कहीं सुरक्षा के प्रबंध में कमी है। शहर में कॉलोनियों और बाजारों में गस्त बढ़ाई जाएगी। चोरों के मंसूबे को नाकाम करने में पुलिस कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी।
जोगिंद्र राठी, डीएसपी क्राइम, पानीपत