पानीपत। जिले के 11 कॉलेजों में इस बार स्नातक प्रथम वर्ष में करीब 15 हजार सीटों पर दाखिला होंगे। युवाओं का शहर के तीन प्रमुख सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में प्रवेश का लक्ष्य रहता है। कुछ विद्यार्थी तकनीकी व मेडिकल कॉलेज में जाते हैं।
जिले में इस बार 15500 विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा पास की है। इसमें हरियाणा बोर्ड के 10175 और सीबीएसई के 5450 विद्यार्थी शामिल हैं। वहीं, जिले के 11 प्रमुख महाविद्यालय हैं। इनमें चार राजकीय, तीन सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेज हैं। इन कॉलेजों प्रथम वर्ष में दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 19 मई से शुरू की जाएगी। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने अधिसूचना जारी करने के साथ सभी महाविद्यालय प्रबंधकों को भी 17 मई तक अपने संस्थान में संचालित कोर्स, नोडल अधिकारी, विषय संयोजन, फीस आदि विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
दाखिला प्रक्रिया तीन चरणों में होगी। पहले दो चरणों में वरीयता सूची के आधार पर दाखिले किए जाएंगे। तीसरे चरण में ओपन काउंसलिंग होगी। महाविद्यालय प्रबंधन ने दाखिलों की तैयारी शुरू कर दी है। स्थानीय स्तर पर बैठक कर जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।
बॉक्स
पोर्टल पर पंजीकरण के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश
महाविद्यालयों में प्रवेश चाहने वालों के लिए ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। किसी भी स्थिति में पोर्टल पर पंजीकरण के बिना दाखिले की अनुमति नहीं दी जाएगी। महाविद्यालयों में दाखिले राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत किए जाएंगे।
बॉक्स
ये दस्तावेज तैयार रखें विद्यार्थी
महाविद्यालयों में दाखिले के लिए आवेदन करते समय विद्यार्थियों को कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज लाने होंगे। इनमें सत्यापित परिवार पहचान-पत्र, आधार कार्ड, 10वीं व 12वीं की मार्कशीट, फोटो, चरित्र प्रमाण-पत्र अनिवार्य हैं। आरक्षित वर्ग के छात्रों के लिए जाति प्रमाण-पत्र तथा हरियाणा रिहायशी प्रमाण-पत्र भी अनिवार्य है। वहीं हरियाणा शिक्षा बोर्ड के अलावा अन्य बोर्ड के विद्यार्थियों को माइग्रेशन सर्टिफिकेट भी लाना अनिवार्य है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे आवेदन करने से पहले अपने दस्तावेज तैयार कर लें।
वर्जन-
12वीं कक्षा का परिणाम जारी होने के बाद महाविद्यालय में दाखिले की तैयारी शुरू हो गई है। आवेदन के लिए 19 मई से पोर्टल खुलेगा। इससे पहले 17 मई तक विवरण दर्ज करने के निर्देश मिले हैं। महाविद्यालय में मांग के अनुसार नए कोर्स व सीटें बढ़ाई जाएंगी।
- डॉ. जगदीश गुप्ता, आर्य महाविद्यालय, पानीपत।
वर्जन-
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत कॉलेज में नए डिग्री व सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए जा सकते हैं। छात्रों की मांग के अनुसार नए कोर्स शुरू करने तथा सीटें बढ़ाने को लेकर उच्चतर शिक्षा विभाग के पास भेजी है। स्नातक में ऑनलाइन आवेदन के लिए तैयारी पूरी कर ली हैं।
- डॉ. अनुपम अरोड़ा, प्राचार्य, एसडी महाविद्यालय, पानीपत।