मतलौडा/पानीपत। सुताना गांव की सरपंच प्रतिनिधि को गोली मारने का आरोपी अश्वनी उर्फ कल्लू कई दिनों से हमला करने की फिराक में था। आरोपी सरपंच प्रतिनिधि को धमकी भी दे चुके थे। घायल सोनू ने अपनी शिकायत में भी इसका जिक्र किया है। वारदात के बाद अस्पताल में वीरवार को दिनभर ग्रामीणों की भीड़ जमा रही।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि गांव में कुछ युवक ग्रुप बनाकर मारपीट और बदमाशी करते हैं। करीब एक माह पहले गांव के युवक ने खेत में केमिकल का टैंकर खाली करने का विरोध किया था। जिस पर ग्रुप के सदस्यों ने युवक के साथ मारपीट की थी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। जिसमें अश्वनी का नाम भी सामने आया था। इस प्रकरण को लेकर गांव में एक पंचायत भी हुई थी। सरपंच प्रतिनिधि सोनू ने हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। जिसके बाद से ही अश्वनी सोनू पर हमला करने की फिराक में था और धमकी दे चुका था। संवाद