संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी का 18 काउंटर वाला बस अड्डा इन दिनों अव्यवस्थाओं का केंद्र बना हुआ है। लंबी दूरी की बसों के लिए तो पर्याप्त इंतजाम हैं, लेकिन कैंट से सिटी और ग्रामीण रूटों पर चलने वाली सिटी बसों के लिए एक काउंटर तक नहीं है। हालात यह हैं कि शहर की रफ्तार कही जाने वाली बसें बस अड्डा परिसर में पेड़ों के नीचे अस्थायी रूप से खड़ी हो रही हैं।
इसके अलावा यात्री जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। कैंट और सिटी के बीच रोजाना सैकड़ों की संख्या में नौकरीपेशा, छात्र और आम लोग सफर करते हैं। बस अड्डे के अंदर लोकल बसों का कोई निश्चित स्थान न होने के कारण यात्रियों, बाहर से आने वाले लोगों को भटकना पड़ता है। यात्रियों को यह तक पता नहीं चल पाता कि उन्हें सिटी जाने के लिए बस किस कोने में मिलेगी। न तो यहां बैठने की व्यवस्था है और न ही धूप-बारिश से बचने का कोई शेड।