पानीपत। वार्ड नंबर-21 स्थित राम नगर में दो दिन से बिजली आपूर्ति बंद है। अगर लाइट आती है तो हाईवोल्टेज के साथ घरों के उपकरण तक जला देती है। इससे यहां के लोगों को पीने तक का पानी नहीं मिल पा रहा है। लोगों को मजबूरी में प्राइवेट वाटर कैंपर या समाजसेवियों की ओर से भेजे जाने वाले पानी के टैंकर मंगवाकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है।
राम नगर में करीब पांच हजार लोगों की आबादी है। सिर्फ गली नंबर-3 में सौ से भी ज्यादा घर हैं। यहां पर पीने के पानी के लिए पहले प्राइवेट ट्यूबवेल लगवाया था, बाद में निगम की ओर से ट्यूबवेल लगाया गया था, लेकिन लाइट न होने की वजह से ये ट्यूबवेल चालू नहीं हो सके। बिजली न मिलने की वजह से रात में लोग सो भी नहीं पा रहे। कई लोगों ने बताया कि वे गली या छत पर घूमकर रात गुजारने को मजबूर हैं। बिजली निगम के अधिकारियों को वे कई बार ऑनलाइन और ऑफलाइन शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं रहा।
बोले स्थानीय लोग
बिजली-पानी न मिलने से हैं परेशान
दो दिन से बिजली पानी न मिलने से लोग परेशान हैं। इसकी निगम अधिकारियों समेत नेताओं को भी शिकायत दी है लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है।-नितिन
प्राइवेट कैंपर मंगवा बुझा रहे प्यास
लोगों को बिजली न होने की वजह से पानी भी नहीं मिल रहा है। मजबूरी में लोगों को प्राइवेट कैंपर मंगवा कर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है। -रघुबीर सिंह
संस्था ने भेजा पानी का टैंकर
गर्मी में पानी के बिना लोगों को बुुरा हाल हो गया था। इसके बाद सहयोग परिवार संस्था से परेशानी बताई गई तो उसने पानी का टैंकर भिजवाया। -सावित्री
बच्चों, बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी
गर्मी में लाइट न होने से बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी होती है। पीने के पानी तक के लाले हैं। अधिकारियों को समाधान करवाना चाहिए। -किरण वर्मा
मूलभूत सुविधा तक नहीं मिल रही
लोगों को बिजली और पानी जैसे मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। लाइट न होने से पानी नहीं मिलता, जिससे गर्मी में लोगों को बुरा हाल है। -कलावती
रात भर जाग कर गुजारी रात
लोगों को गर्मी में रात भर जाग कर रात गुजारनी पड़ी है। कई बार लाइट आई तो हाईवोल्टेज से दिक्कत रही। कई घरों के बिजली उपकरण तक जल गए। -प्रवीण सैनी
वर्जन-
ज्यादा समस्या थी, अब हुई ठीक
वार्ड में फॉल्ट की ज्यादा समस्या थी। इस बारे में बिजली निगम के अधिकारियों को शिकायतें भी दी गई हैं। अब बुधवार शाम तक फॉल्ट ठीक करवा लिए गए हैं। - संजीव दहिया, पार्षद, वार्ड नंबर 21