पानीपत। मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आ रहा है। प्रदेश सहित जिले में बारिश के आसार बने हैं। शुक्रवार को जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई थी। वहीं शनिवार व रविवार को भी सुबह के समय बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। वहीं सोमवार से हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। बारिश की संभावना को देखते हुए किसान धान रोपाई की तैयारियों में लगे हुए हैं।
कुछ किसानों ने धान रोपाई का कार्य शुरू भी कर दिया है। किसान बलबीर जागलान ने बताया कि वह आठ एकड़ जमीन में रोपा पद्धति से खेती कर रहा है। जून में रोपाई के लिए खेत तैयार करने के बाद वह बारिश का इंतजार कर रहा है। 25 जून के आसपास वह धान रोपाई शुरू कर देगा। किसान रोहताश कुमार ने बताया कि जब तक और अधिक बारिश नहीं होगी, खेतों मे पानी न भरेगा, तब तक रोपाई कार्य मेे प्रगति की संभावना कम है।
उपनिदेशक, कृषि विभाग डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि इस बार जिले में करीब 75 हजार हेक्टेयर में धान की फसल लगाई जाएगी। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक आगामी दिनों बारिश के प्रबल आसार बने हुए हैं जिसके बाद धान रोपाई में तेजी आएगी। इस वर्ष धान बुआई के शुरूआती दिनों में हुई बरसात के चलते पानी की बचत होगी। नीचे गिर रहे जल स्तर को बचाने व खेती के खर्च कम करने व अधिक मुनाफे के लिए जिले के विभिन्न गांवों में जाकर टीमों ने किसानों को सीधी बुआई के लिए प्रेरित किया है।