पानीपत। त्योहारों के दिनों में स्थानीय और लंबे रूट की बसों में यात्रियों को सीट नहीं मिल पा रही हैं। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें कई घंटों तक बस में ही खड़े रहकर यात्रा करनी पड़ती है। त्योहारों के सीजन में रोडवेज अधिकारियों द्वारा की गई तैयारियां धरातल पर नजर नहीं आ रही है। जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।
यात्री सुरेश, नरेश और राघव ने बताया कि वह सुबह ही अपने गंतव्य पर जाने के लिए बस स्टैंड पर पहुंचे। जहां पहले ही बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। बस के आते ही कुछ ही मिनटों में बस में पैर रखने की भी जगह नहीं मिलती। जिस कारण उन्हें कई घंटों तक बस स्टैंड पर ही बस का इंतजार करना पड़ा और बस के आने पर बस में खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी।
त्योहारों के सीजन में यात्री बड़ी संख्या में अपने गंतव्य की ओर जा रहे है। जिसको लेकर रोडवेज ने पहले ही तैयारियों को पूरा कर लिया था। यात्रियोंं के लिए हर रूट पर बसों को चलाया गया है। साथ ही संख्या में बढ़ोत्तरी होने पर अन्य बसों को रूट पर चलाया जाएगा।