चार बोरों में कचरे के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे कंबल, जीएम की सतर्कता से पकड़े गए आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बापौली। बहरामपुर गांव स्थित पर्व टेक्स इंडिया फैक्टरी में वेस्ट (कचरे) की आड़ में नए कंबल चोरी करने का मामला सामने आया है। फैक्टरी के जीएम की सतर्कता से चोरी का खुलासा हुआ। कचरे के नीचे चार बोरों में नए कंबल छिपाकर बाहर ले जाए जा रहे थे। मामले में पुलिस ने फैक्टरी के एचआर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बापौली थाना प्रभारी फतेह सिंह ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी कंबल बरामद कर लिए गए हैं। फैक्टरी के जीएम अमित कुमार उपाध्याय ने बापौली थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फैक्टरी में कंबल और बेडशीट के उत्पादन का काम देखते हैं।
फैक्टरी में कार्यरत एचआर अनुराग वेस्ट बेचने का काम संभालता था। आरोप है कि 19 अक्तूबर को अनुराग ने फैक्टरी से वेस्ट उठवाने के लिए एक छोटा हाथी गाड़ी मंगवाई। वेस्ट लोड करते समय मिलीभगत कर चार बड़े बोरों में नए कंबल भी बिना अनुमति के लोड करवा दिए गए।
फैक्टरी के पैकिंग सुपरवाइजर दीपक शर्मा की नजर लोडिंग पर पड़ी तो उन्होंने जीएम को सूचना दी। जीएम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो गाड़ी में वेस्ट के नीचे चार बोरों में नए कंबल छिपाकर ले जाने का मामला सामने आया। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि एचआर की मिलीभगत से लंबे समय से कंपनी का माल चोरी किया जा रहा था।
बापौली थाना प्रभारी फतेह सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अटावला गांव निवासी अनुराग और पानीपत की अशोक विहार कॉलोनी निवासी अशोक को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।