संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। जिला पुलिस ने महिलाओं, छात्राओं की सुरक्षा के लिए सख्ती बढ़ा दी है। इसके लिए विशेष अभियान चलाए गए हैं। स्कूल, कॉलेज, शिक्षण संस्थानों के आसपास व बाजारों में गश्त कर विशेष रूप से नजर रखी जा रही है। कॉलेज के पास चक्कर काट रहे कुछ युवकों से पुलिस ने पूछताछ की। उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बाद में उन्होंने माफी मांगी
थाना सेक्टर 13-17 प्रभारी इंस्पेक्टर किरण अपनी टीम के साथ वीरवार को गश्त करते हुए स्कूल, कॉलेज की छुट्टी के समय सेक्टर-18 स्थित राजकीय कॉलेज के पास पहुंची। इस दौरान कॉलेज के पास बाइकों पर कुछ युवक बार-बार चक्कर काटते दिखे। टीम ने युवकों को रोककर उनसे पूछताछ की। युवकों ने वहां अपनी मौजूदगी को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। युवकों ने माफी मांगी और भविष्य में दोबारा ऐसा नहीं करने की बात कही। इसके बाद उनको चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। इनमें तीन बाइकों के चालान किए और बुलेट बाइक पर पटाखे फोड़ रहे युवक पूछताछ की और बाइक को जब्त कर दिया।
थाना की प्रभारी इंस्पेक्टर किरण ने कहा कि महिलाओं, बेटियों व छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालयों व कोचिंग सेंटर के बाहर इस प्रकार की हरकत करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। दोबारा ऐसी हरकत करने वालों के खिलाफ चालान के साथ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। जिससे शहर में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा बनी रहे।