सनौली। मारपीट में घायल राणा माजरा गांव निवासी रिंकू (23) की पीजीआई रोहतक में मौत हो गई। परिजनों ने रिंकू के दो दोस्तों पर खेत से बुलाकर ले जाने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।
परिजनों का कहना है कि सिर में मोटरसाइकिल की चाबी से वार किए गए। सनौली थाना पुलिस ने मारपीट की प्राथमिकी में हत्या की धारा बढ़ा दी। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर गहनता से जांच कर रही है।
सनौली क्षेत्र के राणा माजरा निवासी श्रीपाल ने सनौली थाने में दी शिकायत में बताया कि वीरवार को वह अपने खेत में गेहूं की कटाई कर रहे थे। उनका बेटा रिंकू भी उनके साथ था। उसी समय दो युवक प्रवीन व सोनू वहां आए और रिंकू को बराना जाने की बात कहकर अपने साथ ले गए।
आरोप है कि रास्ते में एक आश्रम के पास दोनों ने मिलकर रिंकू के साथ मारपीट की और मोटरसाइकिल की चाबी से उसके सिर में वार किए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रिंकू को पहले गढ़ी बेसिक क्षेत्र के एक अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने के कारण उसे पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया। जहां पर उपचार के दौरान रविवार को रिंकू की मौत हो गई। पुलिस ने रोहतक पहुंचकर पंचनामे की कार्रवाई की।
परिजनों ने प्रवीन और सोनू पर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस श्रीपाल की शिकायत पर मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। मृत्यु होने पर प्राथमिकी में हत्या की धारा ईजाद की गई।