पानीपत। जीटी रोड खादी आश्रम के सामने एक युवक पर लाठी डंडों से हमला कर दिया गया। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोप है कि वह आईटी एक्ट में दर्ज केस की कोर्ट में तारीख देखने के बाद वापस सेक्टर-25 जा रहा था। तभी आरोपियों ने उसे ऑटो से नीचे खींचकर हमला कर दिया। राहगीरों ने हमले की वीडियो बना ली, जो वायरल हो रही है। थाना चांदनी बाग ने इसमें मुकदमा दर्ज कर लिया है। खलीला गांव के रविंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि गांव के ही प्रदीप, कुलदीप व बिल्लू कई साल पहले खेत में पानी को लेकर हुए झगड़े के बाद से उसके परिवार के साथ रंजिश रखते हैं। उन्होंने रंजिशन उसके खिलाफ आईटी एक्ट में एक केस दर्ज करा रखा है। वह 27 फरवरी को उक्त केस को लेकर कोर्ट में तारीख पर आया था। वह कोर्ट के बाद सेक्टर-25 में अपने भाई के पास जा रहा था। वह ऑटो से खादी आश्रम के सामने पहुंचा। उसने आरोप लगाया कि उक्त आरोपियों ने जीटी रोड पर खादी आश्रम के सामने ऑटो रुकवाकर उसे जबरदस्ती नीचे खींच लिया और लाठी, डंडे व सरियों से बुरी तरह से पीटा। शोर मचाने पर एकत्र लोगों ने बीच बचाव कर उसकी जान बचाई। पुलिस को सूचना दी तो आरोपी दोबारा से मिलने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। हमले में उसे काफी चोट आई और मोबाइल भी टूट गया।
चांदनी बाग थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उनको जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।