पानीपत।नगर निगम क्षेत्र में कुटानी रोड के सालों से खस्ताहाल होने की वजह से से परेशान लाखों लोगों को अब राहत मिलने जा रही है। नगर निगम इस रोड को अब कंक्रीट से नया बनाने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट पर निगम करीब सवा दो करोड़ रुपये खर्च करेगा। जिसमें कुटानी रोड को पहलवान चौक से लेकर नगर निगम सीमा में आने वाले बिट्टू फार्म हाउस तक बनाया जाएगा। करीब 950 मीटर लंबाई वाले इस रोड की करीब दस मीटर चौड़ाई भी रखी जाएगी। नया बनाने से पहले इस रोड का करीब सवा से लेकर डेढ़ फुट तक पत्थर और मिट्टी से भरत भी किया जाएगा। जिससे इस रोड पर जमा होने वाले गंदे और बरसाती पानी से स्थानीय और आवागमन करने वाले लाखों लोगों को राहत मिलेगी। इससे वार्ड छह के अंतर्गत आने वाले इस रोड पर वार्ड सात और 11 की करीब 15 कॉलोनियों के लोग भी आवगमन करते हैं। इसके साथ कुटानी, भैंसवाल गांव की ओर जाने वाले लोगों को भी भी राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि इस रोड के खस्ताहालात पर पिछले पांच साल से धरने प्रदर्शन होते रहे हैं। न तो आज तक इस रोड का जीर्णोद्धार किया जा सका और न ही इसके दोनों ओर के नालों की निकासी हो पाई। जिससे नालों का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर भर जाता है। सड़क भी बड़े बड़े गड्ढ़े बने हुए हैं। इस रोड पर हमेशा से ही हैवी ट्रैफिक रहता है। जिसकी वजह से रोड पर जाम भी लगा रहता है।
अब निगम रोड को नया बनाने के साथ साथ इसके नालों का लेवल भी सही करेगा। जहां नालों की सफाई संभव नहीं होती वहां के स्लैब भी तोड़े जाएंगे। नालों की सफाई करवाने के बाद इनके लेवल सही किए जाएंगे। रोड के लेवल को नालों से ऊपर रखा जाएगा। ताकि नालों का पानी रोड पर न आ सके और रोड के पानी की नालों में निकासी हो सके।
डिप्टी मेयर का वार्ड था, फिर भी नहीं ली सुध तो पोती थी कालिख:
ये वार्ड निवर्तमान डिप्टी मेयर रविंद्र का था। बावजूद पांच साल तक उन्होंने इस वार्ड की सुध नहीं ली। जिसके चलते भाजपा नेता देव मलिक ने तो डिप्टी मेयर के बोर्ड पर कालिख तक पोत दी थी। पूर्व मेयर सुरेश वर्मा भी इस रोड के जीर्णोद्धार को लेकर कई बार बड़े विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। सर्व जातीय जन पंचायत के नेता सुरेंद्र अहलावत तो विरोध स्वरूप यहां पानी में मच्छलियां तक छोड़ चुके हैं। बावजूद इस रोड का सुधार नहीं हो सका। अब जाकर पंचायत मंत्री महिपाल ढांडा ने इसका बजट पास करवाने के बाद सरकार से निगम को इसकी तकनीकी मंजूरी भी दिलाई है। जिस पर निगम ने तुंरत प्रभाव से काम तक शुरू कर दिया है।
वर्जन:
नगर निगम कुटानी रोड का करीब सवा दो करोड़ से जीर्णोद्धार करने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट की टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। कोशिश रहेगी कि विधानसभा चुनाव तक इस सड़क के काम को पूरा कर लिया जाए।
राहुल पूनिया, एक्सईएन, नगर निगम।