माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। चांदनीबाग थाना क्षेत्र के बलजीत नगर स्थित अपने घर में श्रमिक संतोष कुमार (58) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। मूल रूप से बिहार के किशनगंज निवासी अनिल कुमार ने बताया कि उनके पिता संतोष कुमार फैक्टरी में काम करते थे। वह कई दिनों से मानसिक रूप से तनाव में चल रहे थे।
बुधवार शाम करीब तीन बजे उन्होंने फंदा लगा लिया। जैसे ही परिजनों ने देखा तो वह उन्हें फंदे से उतारकर नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर चांदनीबाग थाना पुलिस भी नागरिक अस्पताल में पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना चांदनीबाग प्रभारी संदीप ने बताया कि मानसिक रूप से तनाव के कारण व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है।