पानीपत। हरिनगर से चार वर्षीय बच्ची का अपहरण करने के मामले में आरोपी महिला काजल को पुलिस एक दिन के रिमांड के दौरान दिल्ली लेकर पहुंची। पहले काजल ने बयान दिया था कि वह अपहरण के बाद दिल्ली में अपने भाई के घर पर रही थी। इन बयानों के आधार पर जब पुलिस उसे दिल्ली लेकर पहुंची तो उसने सही जगह नहीं बताया और रातभर पुलिस को घुमाती रही। सुबह तक ठोस जगह न मिलने पर काजल ने असल खुलासा किया। महिला का अपहरण करने का मकसद भीख मांगना था। वह बच्ची को साथ लेकर जिंदगीभर भीख मांगकर अपना जीवर बसर करना चाहती थी। इस खुलासे के बाद पुलिस काजल को लेकर पानीपत पहुंची और उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार काजल टीम को लेकर दिल्ली रवाना हुई। वह कभी सब्जी मंडी तो कभी आजाद नगर मंडी में लेकर गई। कभी चिड़ियाघर के पास लेकर जाती तो कभी कहीं लेकर जाती रही। वह असल जगह नहीं बता पाई, सुबह होने पर उसने असल खुलासा किया। जिसके बाद पुलिस उसे पानीपत लेकर पहुंची और उसकी निधानदेही पर किराये के कमरे से बच्ची के कपड़े बरामद किए। वह इनको लेने के लिए दिल्ली से वापस पानीपत आई थी। जहां पकड़ी गई थी। काजल ने बताया कि उसका प्लान था कि वह बच्ची को लेकर दिल्ली, यूपी समेत अन्य जगह पर बच्ची को लेकर भीख मांगती और अपना गुजारा करती। उसका बच्चे अपहरण करने वाली किसी भी गैंग से संपर्क नहीं है। जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि काजल की पहली शादी में पति से चार बच्चे हैं। उसके बाद उसने तीन शादी ओर की, लेकिन वह सभी को छोड़ चुकी है।
यह था मामला:
पुलिस को दी शिकायत में हरि नगर कच्ची फाटक निवासी राजू ने बताया कि उसके चार बच्चे है, जिनमें चार वर्षीय बेटी खुशी है, जो 19 अप्रैल को दोपहर एक बजे घर के बाहर खेल रही थी, लेकिन खेलते-खेलते संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। जिसको तलाश करने के लिए पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले, 400 से अधिक लोगों से बातचीत की। पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई थी कि दो मई को पुलिस ने उसे बच्ची सहित गिरफ्तार कर लिया।