समालखा। किन्नर समाज के सदस्यों ने समालखा के मुख्य बाजार और रेलवे रोड पर पहुंचकर दुकानदारों से बधाई ली और उनके कारोबार में तरक्की व बरकत की कामना की। इस दौरान किन्नर समाज के सदस्यों ने नाच-गाने के साथ दुकानदारों और बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को दिवाली सहित अन्य त्योहारों की शुभकामनाएं दीं।
प्रमुख समाजसेवी साधना किन्नर की शिष्या सोना किन्नर ने बताया कि वह अपनी गुरु साधना किन्नर के मार्गदर्शन में समालखा के व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्रों में जाकर लोगों को बधाई देती हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि हर परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहे और मां लक्ष्मी की कृपा से सभी के घरों में खुशहाली आए। उन्होंने बताया कि घरों और दुकानों पर बधाई लेने के दौरान वे लोगों को शगुन के तौर पर चावल और सिक्के भी देती हैं। ये सिक्के केवल शगुन नहीं, बल्कि उनकी दुआओं और शुभकामनाओं का प्रतीक हैं। उनकी प्रार्थना रहती है कि इन सिक्कों के साथ लोगों के घरों और कारोबार में बरकत बनी रहे और किसी को भी जीवन में परेशानियों का सामना न करना पड़े।