माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। अनीप के जीजा रोहतक के कलोई गांव निवासी रविंद्र ने बताया कि नरेंद्र, अनीप और विनोद तीनों दोस्त एक साथ खेत में टहलने के लिए जाते थे। जहां पर वह योग भी करते थे। बुधवार को नरेंद्र हरिद्वार गए थे। वहां से लौटने के बाद स्कूटी लेकर खेत में पहुंचे। जिस समय वह खेत में थे उस समय वहां पर एक संदिग्ध बाइक सवार चक्कर लगाता रहा लेकिन उस पर कोई ध्यान नहीं दिया। इसके बाद वह गांव में लौटने लगे।
जैसे ही वह आटा गांव जाने वाली सड़क पर पहुंचे तो तीनों सड़क किनारे खड़े होकर बात करने लगे। उसी समय काले रंग की स्कॉर्पियो वहां से गुजरी और उन्हें देखकर गई। जब गाड़ी पर सवार हमलावरों ने पहले तीनों की पहचान की फिर गाड़ी की स्पीड तेज बढ़ाकर आए और पीछे से तीनों को टक्कर मार दी। इससे तीनों की मौत हो गई।
अनीप दो साल से रहते थे मध्यप्रदेश में
अनीप के जीजा रविंद्र ने बताया कि अनीप की पत्नी सुनीता मध्यप्रदेश के सर्वोदय विद्यालय में शिक्षक हैं। जिस कारण वह दो साल से पत्नी और 10 साल के बेटे आयान के साथ मध्यप्रदेश में ही रहते थे। छुट्टी होने के कारण कुछ दिन पहले ही गांव में आए थे।