पानीपत। प्रदेश में भाजपा-जजपा गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों के बीच उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने रविवार को पानीपत में गठबंधन की मजबूती का संदेश देते हुए पिछले चार साल के विकास कार्यों को गिनवाया।
वे रविवार को पानीपत के गांव उरलाना कला में पहुंचे थे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि गठबंधन सरकार के प्रयासों से प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। कंपनियां करीब 35 हजार करोड़ का निवेश कर चुकी हैं। सोनीपत के खरखौदा में मारुति फैक्ट्री का काम चल रहा है। इसके शुरू होने पर 15 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। गठबंधन सरकार गांवों में एक हजार वातानुकूलित लाइब्रेरी बनवा रही है। इसके बाद गांवों के बच्चों को विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
चौटाला ने कहा कि करीब 1500 अमृत सरोवरों का निर्माण कार्य चल रहा है। इन पर करीब आठ सौ करोड़ रुपये खर्च आएगा। इस साल के अंत तक इनकी संख्या एक हजार तक पहुंच जाएगी। उन्होंने बताया कि फसल खराबे पर एक महीने के अंदर 181 करोड़ रुपये देकर क्षतिपूर्ति का कार्य किया। मौके पर सुरेश मित्तल, जजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र कादियान, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश काला, रमेश ठाकुर, दिलबाग सिंधु, गुरप्रीत, राजेश, रणबीर डिडवाड़ी, दयानंद उरलाना, गीता, सुरेश भट्टी व फूलवती मौजूद रहे।