पानीपत। अंबाला से नई दिल्ली तक एक्सप्रेस के साथ ही अन्य रेलगाड़ियों की गति को बढ़ाए जाने की योजना है। इससे पहले इस रूट पर पटरियों का निरीक्षण किया जाएगा। देखा जा रहा है कि पटरियों में गति वहन करने की क्षमता है या नहीं। जहां जरूरी है, वहां इंजीनियरों को निर्देश देकर पटरियों की क्षमता बढ़ाने का निर्देश दिया जा रहा है।
दिल्ली मंडल के जीएम अशोक गंगल ने बताया कि अंबाला से लेकर नई दिल्ली तक ट्रेन को चलाकर गति की जांच की जा रही है। एक्सप्रेस के साथ ही अन्य रेलगाड़ियों की गति बढ़ाई जाएगी, जिससे पहले सभी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए निरीक्षण किया जा रहा हैं। इसके साथ ही रेलवे ट्राली में बैठकर असंध पुल तक रेलवे लाइन का निरीक्षण किया और इंजीनियरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बाद में दोपहर 12:56 बजे टीम दिल्ली रवाना हो गई।
जीएम और उनकी टीम दोपहर 12 बजे इंस्पेक्शन ट्रेन से पानीपत रेलवे स्टेशन पहुंचे। सबसे पहले सिग्नल और लाइन पैरामीटर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सेफ्टी उपकरणों में खामियों के साथ ही स्टेशन पर गंदगी मिलने पर आपत्ति जताई। इसके साथ ही कैरियर डिपार्टमेंट से कर्मी के स्थानांतरण का निर्देश दिया।
यूआरएमयू शाखा ने रखी बैडमिंटन हॉल की मांग
यूआरएमयू, उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के सदस्यों ने जीएम को ज्ञापन सौंपा। उनसे मांग की गई कि कर्मचारियों पर काम के दबाव को ध्यान में रखने हुए कुछ खेल गतिविधियां होनी चाहिए। इस मौके पर जीएम से बैडमिंटन हॉल की मांग रखी गई। इसके साथ ही वॉलीबाल कोर्ट और आउटडोर जिम की मांग भी की गई। जीएम से कहा गया कि ई-ऑफिस में इंटरनेट और कंप्यूटर की आवश्यकता है। कर्मचारियों को जोखिम और कठिनाई भत्ता नहीं मिल रहा है, जिससे शुरू किया जाए।
रेलवे भर्ती बोर्ड परीक्षा को लेकर लगाया शिकायत शिविर, आई दो शिकायतें
रेलवे भर्ती बोर्ड परीक्षा को लेकर पानीपत रेलवे स्टेशन पर पहली बार शिकायत शिविर लगाया गया। जिसमें दिल्ली से आई दो सदस्यीय टीम मौजूद रही। शिकायत शिविर में एक घंटे के दौरान दो शिकायतें आईं।
अंबाला से लेकर नई दिल्ली तक सेफ्टी इंस्पेक्शन किया जा रहा है। सिग्नल इंस्टालेशन के साथ पूर्ण गति में ट्रेन चलाकर देखी जा रही है। इससे पता चलेगा कि कहां पर ट्रेन की गति अच्छी है और कहां सुधार की आवश्यकता है। - अशोक गंगल, जीएम, दिल्ली मंडल, उत्तर रेलवे