पहाड़ों में बर्फबारी से मैदानी इलाके में एक बार फिर ठिठुरन बढ़ गई है। पानीपत में न्यूनतम तापमान गिरकर 5.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। इसी के साथ कोहरे का असर दिखने लगा है। इससे वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ने लगा है।
मौसम विशेषज्ञों ने ठंड बढ़ने के संकेत दिए हैं। शनिवार सुबह के समय अचानक बादल छाने के साथ कोेहरा शुरू हो गया। आसमान दिनभर कोहरे की चादर से ढका रहा और शाम होते ही फिर से आसमान में कोहरा गहराने लगा। देर रात को पूरा आसमान कोहरे की चादर से ढक गया, जिससे ठंड बढ़ गई और लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं।
वाहन चालकों को उठानी पड़ी दिक्कत
सुबह के समय कोहरा गहराने से वाहन चालकों की दिक्कतें बढ़ गईं। उनको कोहरे के चलते वाहनों की स्पीड कम करनी पड़ी और निर्धारित समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। जीटी रोड पर समालखा से पुलिस लाइन सिवाह तक कोहरा गहराया रहा।
दिल्ली पैरलल नहर पर भी कोहरे का असर देखा गया। वहीं, शहर में दिनभर आसमान में कोहरा छाया रहा। वाहन चालकों की मुश्किल शाम को भी इसी तरह से बनी रही।
अधिकतम और न्यूनतम दोनों घटे
पहाड़ों में बर्फबारी तेज होने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान कई डिग्री गिर गए। शनिवार को अधिकतम तापमान 17.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जमीन की नमी सुबह 90 व दोपहर बाद 68 प्रतिशत रही। वायु दबाव सुबह 6.5 एमएम व दोपहर बाद 9.5 एमएम रहा। हवा की 2.6 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली।
अगले कई दिन बढ़ेगी ठंड
मौसम विशेषज्ञों की माने तो पहाड़ों में बर्फबारी के साथ अगले कुछ दिनों तक मैदानी इलाके में भी ठंड बढ़ेगी, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो सकता है। विशेषज्ञों ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र में कई दिन तक बर्फबारी पड़ेगी, जिससे यहां पर ठंड बढ़ेगी। आसमान में बादल छाने के साथ कोहरे का भी प्रभाव रहेगा।