पानीपत। स्कूल संचालकों ने असंध रोड की नो एंट्री को देखते नया रोड मेप तैयार कर लिया है। मॉडल टाउन में आने वाली स्कूल बसें जाटल रोड और विराट नगर से पहुंचेंगी। स्कूल संचालकों ने गीता कालोनी और असंध रोड पर रेलवे ओवरब्रिज व जीटी रोड के बीच के स्टॉप को जीटी रोड सरकारी स्कूल के बाहर बनाया है। स्कूल संचालकों ने विद्यार्थियों को नया रोड मेप व बस स्टॉप से अवगत करा दिया है और सोमवार को नए मेप अनुसार बस मिलने की बात कही है। जिले के सीबीएसई और अन्य स्कूल संचालकों ने असंध रोड पर नो एंट्री के चलते काफी माथापच्ची के बाद नया रोड मेप तैयार कर दिया। कुछ स्कूल संचालकों ने शुक्रवार और कुछ स्कूल संचालकों ने शनिवार को विद्यार्थियों को नए रोड मेप व बस स्टॉप से अवगत करा दिया। स्कूल संचालकों ने सोमवार से नए रोड मेप व बस स्टॉप पर ही बस मिलेगी। ट्रांसपोर्ट इंचार्जों ने भी सभी चालकों को बारीकी से रोड मेप समझाया।
गीता कालोनी के विद्यार्थी को होगी कुछ परेशानी
गीता कालोनी के विभिन्न स्कूलों में जाने वाले विद्यार्थियों को नए रोड मेप में कुछ परेशानी आ सकती है। यहां के विद्यार्थियों के लिए जीटी रोड स्थित राजकीय माडल संस्कृति स्कूल के बाहर बस स्टॉप बनाया है। स्कूल बसें विद्यार्थियों को यहीं से लेकर जाएंगी और यहीं पर उतारेंगी। इससे पहले गीता कालोनी का असंध रोड रेलवे ओवरब्रिज व जीटी रोड के बीच में बस स्टॉप था। स्कूल बसें यहीं पर रुकती थीं और विद्यार्थी आसानी से अपने घर आ जा सकते थे।
असंध रोड पार करने में होगी दिक्कत
स्कूल संचालकों ने उपायुक्त के मुताबिक बेशक रोड मेप बना लिया है, लेकिन इस सब के बीच असंध रोड के कोर्ट की तरफ आने-जाने के लिए स्कूल बस चालकों को कुछ परेशानी हो सकती है। स्कूल संचालकों को भी कोर्ट की तरफ बस ले जाने को लेकर सोचना पड़ रहा है। स्कूल संचालकों के पास यहां पर जाने के लिए एक ही रास्ता है। उनको माडल टाउन से निकलकर पुराना गैस गोदाम रोड से होकर दूसरी तरफ जाना पड़ेगा। उनको यहां पर कुछ दूरी तक असंध रोड का सहारा लेना पड़ेगा। इसके बिना स्कूल बसें दूसरी तरफ नहीं जा सकतीं।
एक दिन बीच में सोमवार से होगा लागू
जिला प्रशासन ने असंध रोड का जाम खत्म करने के लिए यहां से भारी वाहनों व स्कूलों बसों की नो एंट्री कर दी। प्रशासन पहले नौ मई से इसको लागू कर रहा था, लेकिन स्कूल संचालकों ने अपनी मांग रखी। स्कूल संचालक एक घंटा सुबह व एक घंटा दोपहर के समय स्कूल बसों की एंट्री खोलने की मांग की। उपायुक्त ने नो इंट्री किसी भी हाल में न खोलने की कही। इसके बाद स्कूल संचालकों ने इसकी तैयारी को लेकर कुछ समय मांगा। इसके चलते प्रशासन ने स्कूल संचालकों को रविवार तक का समय दे दिया और सोमवार को असंध रोड से भारी वाहनों व स्कूल बसों की नो एंट्री करने का आश्वासन दिया।
कोट्स
असंध रोड की नो एंट्री को देखते नया रोड मेप तैयार कर लिया है और सभी विद्यार्थियों को इस विषय में सूचित कर दिया है। मॉडल टाउन के स्टॉप वहीं के वहीं रखने का प्रयास किया गया है। गीता कालोनी का बस स्टॉप राजकीय माडल संस्कृति स्कूल के बाहर जीटी रोड पर बनाया गया है। चालकों को भी इस विषय में सूचित कर दिया है।
-सबिता चौधरी, प्रिंसिपल, एसडी विद्या मंदिर सेक्टर-11/12
कोट्स
स्कूल की मॉडल टाउन में जाने वाली बसों का रूट बना दिया है। इसमें विद्यार्थियों की सुविधा पर पूरा ध्यान दिया गया है और उनको अवगत करा दिया गया है।
-एम. दुबे, प्रिंसिपल एमएएसडी पब्लिक स्कूल
वर्जन
सभी स्कूल संचालकों ने नया रूट बना लिया है और वे सोमवार को नए रूट पर चलेंगे। स्कूल संचालक भी बसों पर ध्यान रखेंगे। विद्यार्थियों को नए रूट में किसी तरह की परेशानी आती है तो वे उपायुक्त से मिलेंगे।
-डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी, चेयरमैन, सहोदय स्कूल कापंलेक्स पानीपत