पानीपत। रविवार को दिनभर हुई बारिश का असर टीकाकरण पर पड़ा। 22 दिसंबर के बाद रविवार को सबसे कम 8561 लोगों का टीकाकरण किया गया। रविवार को 15-17 वर्ष आयु वर्ग के 625 पात्रों का ही टीकाकरण हुआ। अब तक 58448 में से 44,825 का टीकाकरण हो चुका है। ये कुल पात्रों का 76 प्रतिशत है। वहीं दूसरी ओर सोमवार से जिले के साढ़े 17 हजार हेल्थ और फ्रंट लाइन वर्करों को वैक्सीन की तीसरी डोज लगेगी। इस संबंध में सभी वर्करों को सूचित कर दिया गया है। इनके अलावा 60 साल से अधिक आयु वाले उन पात्रों को भी तीसरी डोज लगाई जाएगी, जो एक से अधिक बीमारियों से ग्रस्त हैं। डॉक्टरों के परामर्श के अनुसार उनका टीकाकरण किया जाएगा। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. शशि गर्ग ने स्वास्थ्य कर्मियों को भी स्पष्ट किया कि 10 जनवरी से हेल्थ वर्करों को बूस्टर डोज लगेगी। यह सबके लिए अनिवार्य है। नियमों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
जिले में कोरोना टीकाकरण के 9.73 लाख पात्र हैं, लेकिन विभाग अब तक 10,25,976 लाख लोगों को टीके की पहली डोज दे चुका है। नोडल अधिकारी डॉ. मनीष पाशी का कहना है कि हमारे जिले में पात्र 9.73 लाख ही हैं। अब जो अधिक डोज लग रही है, ये प्रवासी लोग हैं। जो यहां ड्यूटी करते हैं। इसलिए टारगेट अधिक जा रहा है। अब टीकाकरण और भी अधिक हो सकता है।
रविवार को 82 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया है। इनमें से 15-17 आयु वर्ग के 625 लोगों को टीके की पहली डोज लगी है। 18-44 वर्ष आयु वर्ग के 2589 लोगों को पहली और 3826 को टीके की दूसरी डोज लगी है। 45 से अधिक आयु के 547 लोगों को पहली और 974 को टीके की दूसरी डोज लगी है।