पानीपत। सृजन पब्लिक स्कूल में बच्चे को उल्टा लटकाने के मामले में आरोपी प्रिंसिपल रीना और वैन चालक अजय को पुलिस ने जेल भेज दिया है। दो दिन की कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद बुधवार को पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया था। अदालत ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उधर, पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। साथ ही बच्चों के परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। जिस युवक के अकाउंट से वीडियो साझा किया गया था उससे पूछताछ कर जांच में शामिल किया जाएगा।
जाटल रोड स्थित सृजन पब्लिक स्कूल में कक्षा दो के छात्र को प्रिंसिपल के कहने पर वैन चालक ने उल्टा लटकाकर पिटाई की थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने वैन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। रविवार रात को पुलिस ने वैन चालक को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में उसने बताया कि प्रिंसिपल रीना के कहने पर उसने बच्चे को उल्टा लटकाया था। जिसके बाद पुलिस ने प्रिंसिपल को भी गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार को दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया था।
चचेरे भाई की आईडी से साझा किया था वीडियो
जांच में पता चला है कि आरोपी वैन चालक अजय ने खुद को मामले में बचाने की रणनीति पहले से तैयार की थी। इस कारण उसने अपने मोबाइल से वीडियो साझा नहीं की थी। उसने वीडियो अपने चचेरे भाई को व्हाट्सएप की थी। इसके बाद उसी की आईडी से खुद वीडियो को अपलोड किया था। पुलिस चचेरे भाई को भी जांच में शामिल कर रही है। उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। संलिप्ता पाई जाने पर उसकी भी गिरफ्तारी हो सकती है।
ई-साक्ष्य एप पर अपलोड किए जाएंगे सबूत
पुलिस इस प्रकरण की तफ्तीश में गहनता से काम कर रही है। आरोपियों के पास से जो भी साक्ष्य मिले हैं सभी को डिजिटल साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया जा रहा है। पुलिस साक्ष्यों को ई-साक्ष्य एप पर अपलोड कर रही है।
बच्चे को उल्टा लटकाकर पिटाई करने के आरोपी प्रिंसिपल और वैन चालक को जेल भेज दिया है। मुकदमे की तफ्तीश चल रही है। जल्द इस प्रकरण में तफ्तीश पूरी कर चार्जशीट न्यायालय में दाखिल की जाएगी। तफ्तीश में जो भी नाम आएंगे उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय