पानीपत। बरसत रोड स्थित कोरियर कंपनी में बदमाशों ने घुसकर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया, लेकिन मैनेजर व स्टाफ की बहादुरी से ये कोशिश कामयाब नहीं हो पाई। बदमाश कंपनी के एक कर्मचारी से पांच हजार रुपये और दो मोबाइल लूटकर बाथरूम का शीशा गोली मारकर तोड़कर तोड़कर फरार होने में कामयाब हो गए। कंपनी के मैनेजर ने पुलिस को कॉल कर बुलाया।
तहसील कैंप स्थित इंस्टाकार्ट प्राइवेट लिमिटेड कोरियर कंपनी है। कंपनी में देर रात को स्टॉक की लोडिंग का काम होता है। मंगलवार की रात को भी हर रोज की तरह कंपनी में काम चल रहा था। रात 11:50 बजे कार्यालय में चार नकाबपोश युवक घुस आए। इनके हाथ में पिस्तौल थी। आते ही इन्होंने कर्मचारियों को धक्का देकर एक तरफ खड़ा कर दिया। इन पर पिस्तौल तान दी। एक कर्मचारी को थप्पड़ मारकर लॉकर का पासवर्ड पूछा। उसने पासवर्ड नहीं बताया। फिर एक युवक उसके कार्यालय में घुस आया और उसको पकड़कर बाहर निकाल दिया। बदमाश ने उस पर भी पिस्तौल तान दी। उससे पासवर्ड पूछा उसने पासवर्ड नहीं बताया तो उस पर रॉड से हमला कर दिया। उसके साथ मारपीट की गई। उसको कहा गया कि वो लॉकर को तोड़ेंगे अगर सायरन बजे तो वो उसे बंद करवा देगा। जब गार्ड ने बीच में आने की कोशिश की तो उसकी भी पिटाई की गई। बदमाश एक दूसरे को बोल रहे थे कोई भी शोर मचाए तो गोली मार देना। एक कर्मचारी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए चालाकी से बाथरूम में जाकर अपने भाई को कॉल किया। भाई को कहा कि जल्द पुलिस लेकर कार्यालय में पहुंच जाए। इसके करीबन 10 मिनट बाद पुलिस यहां पहुंची गई और लूट की बड़ी साजिश नाकाम हो गई। ये बदमाश बाथरूम का गोली मारकर शीशा तोड़कर फरार होने में कामयाब हो गए।
बॉक्स
बाहर भी दो बदमाश दे रहे थे पहरा
वारदात के वक्त चार नकाबपोश कार्यालय के अंदर लूट की कोशिश कर रहे थे। बाहर दो बदमाश पहरा दे रहे थे। जब पीसीआर आई तो ये सभी फरार हो गए। अब पुलिस कंपनी व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की धरपकड़ में जुटी है।
बॉक्स
हमने पासवर्ड नहीं बताया- मैनेजर
हमारे कर्मचारियों व उसके साथ बदमाशों ने मारपीट की। पिस्तौल भी तान दी थी। उनसे बार बार पासवर्ड पूछा गया लेकिन उन्होंने लॉकर का पासवर्ड नहीं बताया। चार बदमाश बाहर थे। उसके साथी बाहर खड़े थे। पुलिस के आते ही वो फरार हो गए।
बॉक्स
बदमाशों को पता था किस वक्त देना है वारदात को अंजाम
कोरियर कंपनी में अक्सर रात को ही माल व पेमेंट आती है। रात को कलेक्ट की गई पेमेंट का हिसाब किताब होता है। इस वक्त आसपास लोगों की भीड़ भी नहीं होती। इसलिए बदमाशों ने वारदात के लिए ये वक्त चुना।
आरोपियों को जल्द पकड़ लेंगे- एसएचओ
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। बदमाश फरार हो गए। आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। उनकी धरपकड़ जारी है। जल्द आरोपियों को पकड़ लेंगे।
फूलकुमार, एसएचओ तहसील कैंप पुलिस थाना