पानीपत। नगर निगम के दुकानदारों को बोर्ड लगाने पर जुर्माने सहित थमाए नोटिस के मामले में पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज आगे आ गए हैं। विधायक प्रमोद विज ने कहा कि दुकानदार झूठे नहीं हैं। उनको नगर निगम द्वारा बोर्ड के नियम की जानकारी नहीं थी। इसी के अभाव में अनदेखी हुई है।
निगम अधिकारी अपनी जगह ठीक हैं। वे इस विषय को मंगलवार को सीएम नायब सिंह सैनी के सामने रखेंगे और पिछला जुर्माना माफ करने की मांग करेंगे। विधायक के आगे आने पर शहर के करीब 2500 दुकानदारों ने राहत की सांस ली है।
पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज दुकानदारों को नगर निगम द्वारा दिए नोटिस के मामले में सोमवार को खुलकर सामने आए। उन्होंने कहा कि दुकानदार और व्यापारी शहर को सुंदर बनाने में अपना हर संभव सहयोग दे रहे हैं। नगर निगम अधिकारियों ने 2022 के एक नोटिफिकेशन के आधार पर पर शहर के करीब 269 दुकानदारों को नोटिस दिए हैं। इन नोटिस में दो से 20 लाख रुपये तक का जुर्माना लगा है। संयुक्त व्यापार मंडल के बैनर तले शहर के दुकानदार 29 मई को उनसे मिले थे। उन्होंने नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज के साथ बैठक कर पूरी जानकारी ली है। नगर निगम आयुक्त ने नियमानुसार कार्रवाई की है। वह बात अलग है कि उनसे पहले किसी अधिकारी राजस्व जुटाने की तरफ ध्यान नहीं दिया। हर अधिकारी का काम करने का अपना अलग तरीका है। दुकानदार भी अपनी जगह जायज हैं। उनको इसकी जानकारी नहीं थी। इसी अभाव में यह स्थिति पैदा हुई। इस अवसर पर मेयर कोमल सैनी और पार्षद अनिल मदान मौजूद रहे।
शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि नगर निगम अधिकारियों ने राजस्व बढ़ाने के लिए नियम के आधार पर दुकानदारों को नोटिस हैं। निगम के पास यूनीपोल लगाने और अन्य कई स्रोत आय बढ़ाने के हैं। निगम अधिकारी इनके टेंडर लगाकर राजस्व बढ़ा सकते हैं।
पहले शहर में अवैध यूनीपोल की भरमार थी। अब मान्य 20 यूनीपोल ही लगे हैं। उन्होंने खुद अवैध यूनीपोल की लिखित में शिकायत दे रखी है। इन पर कार्रवाई चल रही है। निगम अधिकारी यूनीपोल लगाकर राजस्व बढ़ा सकते हैं।
विधायक प्रमोद विज ने कहा कि जीटी रोड चौड़ीकरण का काम चल रहा है। बिजली निगम को लाइनों को शिफ्ट करने के लिए 2.18 करोड़ रुपये जमा कराए दिए हैं। बाकी कार्य भी तेजी के साथ चल रहा है।