संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। विकास नगर स्थित एसपी स्कूल के पास नंबर-9 गली में झुके बिजली के खंभे से स्थानीय लोग डरते हैं। इससे होकर एचटी लाइन सहित अन्य तार गुजर रहे हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को दुर्घटना का अंदेशा रहता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी मार्ग से स्कूली बच्चे भी रोजाना आवागमन करते हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है। अज्ञात कारणों से झुके इस खंभे को लेकर क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार बिजली निगम के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय निवासी दिलबाग सांगवान, हरेंद्र, राममेहर मलिक, अनिल सैनी, विनोद, वीरेंद्र, प्रेम शर्मा, अमित व दीपक ने बताया कि यह खंभा लगातार दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा है।
विकास नगर में बिजली के खंभे के गली में झुके होने की सूचना मिली है। जल्द ही टीम को भेजकर मौका मुआयना कराकर राहत कार्य किया जाएगा। इससे आमजन को कोई परेशानी न हो। -आदित्य कुंडू, एक्सईएन, सब अर्बन डिवीजन।