पानीपत। सेक्टर 25 स्थित धागा फैक्टरी में श्रमिक की मौत पेट में हवा का अधिक दबाव बनने और आंत क्षतिग्रस्त होने से हुई थी। प्रारंभिक जांच में चिकित्सकों ने इसे मृत्यु का कारण बताया है। पीजीआई में विशेषज्ञों की टीम ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम किया। हालांकि, अभी तक विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को नहीं मिली है। उधर, वारदात के बाद से ही आरोपी युवक भागा हुआ है। पुलिस को आरोपी के बिहार भागने की भी आशंका है। उसकी तलाश में टीम लगाईं गईं हैं।
उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के रैपालपुर गांव के हिमांशु ने सेक्टर-29 थाने में दी शिकायत में बताया कि उसका छोटा भाई कन्हैया (18) पसीना रोड स्थित एमएस स्पीनिंग मिल में मशीन चलाने का काम करता था। शनिवार को उनके ही गांव के सिद्दू ने कपड़ों से रुई साफ करने के बहाने कन्हैया की गुदा पर प्रेशर पाइप लगा दिया था। पेट में हवा भरने से उसकी मौत हो गई थी। कन्हैया की मौत की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया था।
शव का पोस्टमार्टम खानपुर पीजीआई में विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल द्वारा किया गया। बताया जा रहा है कि हवा के प्रेशर से पेट में हवा का दबाव बन गया था। साथ ही आंत और अन्य अंदरूनी अंग भी क्षतिग्रस्त हो गए थे। जो मौत का कारण माना जा रहा है। सेक्टर-29 थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी युवक घटना के बाद से ही फरार है। उसकी तलाश में टीम लगाई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आरोपी की तलाश में दबिश
श्रमिक के मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक सिद्धू, फैक्टरी मालिक अनिल, शिफ्ट इंचार्ज अवधेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद से ही पुलिस सिद्दू की तलाश में जुटी है। जांच में पता चला है कि सिद्धू शनिवार शाम से ही गायब है। उसका नंबर भी बंद आ रहा है। सिद्धू के बिहार भागने की आशंका जताई जा रही है। जिसे देखते हुए पुलिस की टीम उसकी तलाश में दबिश दे रही है।