समालख्ाा के थाने के गांव महावटी में खेत में काम कर रहे एक युवक के सिर में पेचकश घोंपकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए और गांव के ही एक युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। वारदात शनिवार दोपहर बाद हुई। संजीव उर्फ सोनू (28) पुत्र राजकुमार निवासी महावटी शनिवार दोपहर बाद अपने खेत में दैनिक कार्य निपटा रहा था। वह गन्नौर से अपनी मां की दवाई लेकर खेत में आया था।
आरोप है कि गांव का ही मंजीत उर्फ बोदा पुत्र राजबीर उनके खेत में पहुंचा और जाते ही उसके सिर में पेचकश घोंप दिया। संजीव का पिता राजकुमार हमला करते देख उस तरफ भागा तो आरोपी मंजीत मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया।
वे उसको लेकर समालखा स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। राजकुमार ने बताया कि वे दोनों खेत में काम कर रहे थे। इसी समय गांव का ही मंजीत खेत में आया और संजीव के सिर में सीधा पेचकश घोंप दिया। उसने मंजीत को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन वह मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया।