थर्मल। कश्यप समाज की ओर से रेर कलां गांव स्थित कश्यप धर्मशाला में हरियाणा स्तरीय महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में हरियाणा भर से समाज के लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान समाज में फैली कुरीतियों, युवाओं में बढ़ते नशे, राजनीति में भागीदारी बढ़ाने व शादी-ब्याह में होने वाले नाजायज खर्चों पर रोक लगाने सहित कई अहम मुद्दों पर मंथन किया गया। महापंचायत को सैकड़ों लोगों ने संबोधित किया और समाज को संगठित एवं जागरूक करने पर जोर दिया। महापंचायत की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रामजी लाल ने की, जबकि मंच का संचालन एडवोकेट राजपाल कश्यप ने किया। कार्यक्रम का आयोजन युवा अध्यक्ष सुरेंद्र शास्त्री कश्यप और उनकी टीम ने किया।
युवा अध्यक्ष सुरेंद्र शास्त्री कश्यप ने कहा कि आज तक कश्यप समाज ने दूसरों के नारे लगाए और विभिन्न राजनीतिक दलों ने समाज का इस्तेमाल केवल वोट के लिए किया। अब समय आ गया है कि युवा घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और उन्हें अपने हितों के प्रति सजग बनाएं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा की ओर बढ़ने की अपील की। इसराना हलके का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समाज आज भी कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। इसके लिए हरियाणा भर में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।