पानीपत। जम्मू की एक युवती के साथ झेलम एक्सप्रेस में समालखा के पास छेड़छाड़ के मामले में जीआरपी के साथ रेलवे ने भी जांच शुरू कर दी है। रेलवे के वाणिज्यिक प्रबंधन निरीक्षक मुकेश ने बुधवार को आरोपी टीटीई विनोद से पूछताछ की। टीटीआई ने आरोपों को निराधार बताया है और कंट्रोल रूम में भेजे मोबाइल मैसेज को दिखाया।
इस मामले में प्रथम दृष्टया सामने आया कि समालखा के पास विवाद के दौरान हंगामा देख यात्रियों ने आधे घंटे में दो बार चेन पुलिंग की। रेलवे के वाणिज्यिक प्रबंधक निरीक्षक ने अपनी जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों और जीआरपी थाना को भी भेज दी है।
वाणिज्यिक प्रबंधन निरीक्षक मुकेश ने झेलम एक्सप्रेस में एसी कोच में हंगामे और टीटीई विनोद पर लगाए गए छेड़छाड़ के आरोपों की बुधवार को जांच की। टीटीई विनोद कुमार ने बताया कि युवतियां सामान्य टिकट पर एसी कोच में सफर कर रही थीं। उन पर एसी कोच का जुर्माना लगाया था। उन्होंने जुर्माना से बचने के लिए आरोप लगाए हैं। युवतियों ने हंगामा शुरू किया। इसके चलते दूसरे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने 12:15 से 12:30 और 12:35 से 12:45 तक दो बार चेन पुलिंग की। टीटीई ने बताया कि उन्होंने हंगामा शुरू होते ही कंट्रोल रूम में मैसेज कर दिया था। वाणिज्यिक प्रबंधन निरीक्षक मुकेश ने बताया कि टीटीई के बयान दर्ज कर लिए हैं। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों के साथ जीआरपी थाना को दी गई है।
यह है मामला : जम्मू की एक युवती सोमवार की रात को सफर के दौरान झेलम एक्सप्रेस (11077) में पानीपत के समालखा के पास टीटीई विनोद पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। उनका आरोप है कि वह अपनी बहन समेत नौ सहेलियों के साथ वृंदावन से वापस लौट रही थी। युवती ने इसकी शिकायत जीआरपी अंबाला को दी थी।
अंबाला जीआरपी ने जीरो एफआईआर दर्ज कर पानीपत भेज दी थी।
जीआरपी पानीपत थाना ने शिकायत के आधार पर मंगलवार को टीटीई विनोद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। टीटीई विनोद ने जीआरपी को अपने बयान दर्ज कराए थे।