पानीपत। जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने मंगलवार को गांव चंदौली में अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की। टीम ने यहां मकानों की नींव उखाड़ दी। यहां दबाई जा रही सीवरेज लाइन को भी उखाड़ दिया गया। कॉलोनी मालिकों को दोबारा निर्माण न करने के लिए चेतावनी दी है।
डीटीपी सुनील कुमार ने बताया कि उनके पास पिछले माह सूचना आई थी कि गांव चंदौली के पास आठ एकड़ में अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। इसी सूचना पर उनकी टीम ने मौके का निरीक्षण किया था। यहां मकानों की नींव भरी मिली व सीवरेज लाइन का काम चालू मिला। उन्होंने क्लोनाइजर को नोटिस जारी कर तुरंत काम रोकने को कहा था लेकिन क्लोनाइजर ने कार्य जारी रखा। इस अवैध निर्माण पर कार्रवाई के लिए तहसीलदार प्यारेलाल को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाया गया। मंगलवार दोपहर को सेक्टर 13-17 थाना पुलिस के साथ उनकी टीम मौके पर पहुंची और मकानों की नींव को उखाड़ दिया गया। यहां बिछ रही सीवरेज लाइन को भी उखाड़ दिया गया है। अगर मालिक ने दोबारा यहां निर्माण कराया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।