पानीपत। जिले के राजकीय व निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए ट्रेड चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दाखिला प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच गई है। शुक्रवार को पहली मेधा सूची जारी की जाएगी, जिसके साथ ही प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू हो जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 21 जुलाई तक किया जाएगा, जबकि निर्धारित समय सीमा में प्रवेश शुल्क जमा कर दाखिला सुनिश्चित करना होगा।
जिले की नोडल राजकीय आईटीआई में इस बार लोकप्रिय ट्रेडों को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह रहा। सबसे अधिक इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के लिए 1200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। सीटों की तुलना में कई गुना अधिक आवेदन आने से इलेक्ट्रीशियन सहित अन्य लोकप्रिय ट्रेडों में कड़ी प्रतिस्पर्धा रहने की संभावना है और कटऑफ भी अधिक रहने के आसार हैं। दस्तावेज सत्यापन के बाद निर्धारित तिथि तक फीस जमा नहीं कराने वाले अभ्यर्थियों की सीटें अगले चरण की काउंसलिंग के लिए रिक्त मानी जाएंगी। इसके बाद रिक्त सीटों का विवरण पोर्टल पर प्रदर्शित किया जाएगा और दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू होगी। विभाग ने सभी अभ्यर्थियों से अपने दस्तावेजों और आवेदन विवरण की जांच कर समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का आह्वान किया है।