पानीपत। शहर के सेक्टर छह, सात, आठ, 13-17, 18 व सेक्टर 40 के लोग पिछले दो साल से मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इन सेक्टरों की आरडब्ल्यूए हर माह औसतन दो बार हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के संपदा अधिकारियों से मिलती रही है। सीवरेज, निकासी, साफ सफाई, बिजली आपूर्ति व शराब ठेकों को हटाने जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए लोग कई बार यहां कार्यालय पर धरना भी दे चुके हैं।
अब इन समस्याओं का मामला हुडा सेक्टर्स कन्फेडरेशन, हरियाणा के पास पहुंचा तो प्रदेश कार्यकारिणी ने इस संबंध में आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर दी। 11 अप्रैल को पानीपत में बैठक बुलाई गई है। इसको देखते हुए अब एचएसवीपी (हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण) के अधिकारी हरकत में आ गए। संपदा अधिकारी पुलकित मल्होत्रा ने प्राधिकरण के एक्सईएन, रोहतक मंडल के इलेक्ट्रिसिटी विंग के एक्सईएन व बागबानी विभाग के एक्सईएन को समस्याओं के समाधान के लिए पत्र लिखा है। साथ ही अधिकारियों को कहा है कि आरडब्ल्यूए में समस्याओं को लेकर रोष बना हुआ है। इसको लेकर 11 अप्रैल को लोगों ने बैठक भी बुलाई है। उन्होंने सभी विंग के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए कहा है।
वर्जन-
हुडा सेक्टर्स कन्फेडरेशन के संयोजक बलजीत सिंह ने बताया कि वो कई साल से मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। वो हर माह एचएसवीपी कार्यालय जाकर धरना प्रदर्शन करते हैं लेकिन सुनवाई नहीं होती। वो प्राधिकरण को डेवलेपमेंट चार्ज भी देते हैं। इन समस्याओं को लेकर 11 अप्रैल को पानीपत में प्रदेश स्तरीय बैठक बुलाई गई है।