सनौली। यमुना तट पर एक बार फिर हरियाणा और यूपी का पुलिस-प्रशासन हरियाणा के रिशपुर गांव की सीमा से लगे यूपी के गांव मवी हैदरपुर की सीमा पर पहुंचा। इसके बाद यूपी के तहसील प्रशासन ने बॉर्डर पर नवीन परती भूमि पर हरियाणा के दबंगों द्वारा किए गए कब्जे पर जेसीबी चला दी। टीम ने मेड़बंदी कराते हुए 22 बीघा जमीन कब्जामुक्त करा लिया। इसके बाद जमीन पर बोई गई फसल उजाड़ कर जमीन को ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में दे दिया।
बता दें कि यूपी तहसील के मवी हैदरपुर गांव के रकबे में खसरा नंबर-108 यमुना नदी के हरियाणा सीमा से सटे रिशपुर गांव के पास दोनों राज्यों की सीमा पर यमुना के अंदर नवीन परती की 22 बीघा जमीन है। पिछले दिनों यूपी मवी के ग्राम प्रधान मित्रसेन ने मामले की शिकायत यूपी के कैराना प्रशासन से की थी। आरोप था कि हरियाणा के रिशपुर गांव के दबंगों ने भूमि पर कब्जा कर धान की फसल बो रखी है। इसके बाद प्रशासन की ओर से राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया, लेकिन वहां यमुना का पानी भरा होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। मंगलवार को तहसीलदार गौरव सांगवान राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जहां हरियाणा के सनौली थाने के एसएचओ महाबीर सिंह भी दल बल सहित पहुंच गए। तहसीलदार ने भूमि की पैमाइश कराकर कब्जामुक्त कराया।