पानीपत। जाटल रोड चौधरी अस्पताल के पास आयकर विभाग के कमिश्नर के ड्राइवर के साथ एक व्यक्ति ने मारपीट की और सरकारी कार का ईंट मारकर शीशा तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। मॉडल टाउन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जाटल रोड बंसी कॉलोनी निवासी गौरव ने बताया कि वह आयकर विभाग में ड्राइवर की नौकरी करता है। 19 जून को वह रात साढ़े नौ बजे कमिश्नर को घर छोड़कर सरकारी गाड़ी सियाज में अपने घर जा रहा था। जब वह जाटल रोड चौधरी अस्पताल के पास पहुंचा तो उसने गली में कुछ देर के लिए गाड़ी रोकी थी। इसी बीच सामने से एक्टिवा पर सवार होकर अंकित निवासी जौरासी आया और उसे देखते ही गालीगलौज करने लगा। वह किसी तरह उससे छूटकर अपनी कार सहित मौके से भागने लगा तो आरोपी ने ईंट से उसकी गाड़ी पर पीछे से शीशे पर हमला कर दिया। जिससे शीशा टूट गया। 20 जून को निजी काम से कमिश्नर के साथ चला गया था, अब उसने थाने में जाकर शिकायत दी।