संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। जिला अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के सहयोग से जिला युवा महोत्सव का आयोजन अब 17 व 18 नवंबर को आयोजित किया जा सकता है। इससे पहले जिला युवा महोत्सव का आयोजन तीन व चार नवंबर को आर्य पीजी महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में प्रस्तावित था लेकिन इन्हीं तिथियों को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल भी होना है। इसके चलते आर्य महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने तीन व चार नवंबर को ऑडिटोरियम उपलब्ध करवाने में असमर्थता जताते हुए 17 व 18 नवंबर को जिला युवा महोत्सव का आयोजन करवाने को कहा। प्राचार्य डॉ. गुप्ता ने जिला युवा को-ऑर्डिनेटर कार्यालय को पत्र भी जारी किया है। इस संबंध में जिला युवा संयोजक अधिकारी एवं आईटीआई प्रधानाचार्य डॉ. कृष्ण कुमार ने कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के महानिदेशक को पत्र जारी कर जिला युवा महोत्सव 17 व 18 नवंबर को आयोजित करने की अनुमति मांगी है।
दो नवंबर तक पंजीकरण करा सकेंगे युवा
विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार जिला युवा महोत्सव में भाग लेने के इच्छुक युवा प्रतिभागी माई भारत पोर्टल पर दो नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के पश्चात प्रतिभागियों को रजिस्ट्रेशन फाॅर्म की हार्ड कॉपी के साथ 10वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड, फैमिली आईडी और बैंक विवरण की प्रतिलिपि आईटीआई में जमा करवानी होगी। आईटीआई प्रधानाचार्य डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि युवा महोत्सव में जिला के पॉलीटेक्निक, विद्यालयों व महाविद्यालयों के अलावा कोई भी 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। जीटी रोड स्थित राजकीय आईटीआई में युवा महोत्सव को लेकर हेल्प डेस्क भी बनाई गई है।
युवाओं की प्रतिभा व सृजनशीलता को मिलेगा मंच
डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और सामाजिक चेतना को निखारने और उन्हें मंच प्रदान करने का यह एक उत्कृष्ट अवसर है। दो दिवसीय युवा महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक, कलात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें चित्रकला, लोक नृत्य, गायन, लोक गायन समूह, विज्ञान प्रदर्शनी, कविता लेखन, भाषण, आदि विधाएं शामिल हैं।