संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने सोमवार को जिला सांस्कृतिक समन्वयक संदीप रत्तेवाल के साथ राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजाखेड़ी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने 10वीं और 12वीं कक्षाओं में विद्यार्थियों की नोटबुक, गृहकार्य व कक्षा कार्य का अवलोकन किया। विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के ज्ञान और आत्मविश्वास की सराहना की और मिड-डे मील की गुणवत्ता और स्वच्छता को भी संतोषजनक पाया।
उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि दो रोटी कम खाओ, लेकिन अपने बच्चों को जरूर पढ़ाओ और जो बच्चा मैथ में फिट है, वह नौकरी में भी हिट है। इस दौरान हरियाणा का राज्य गीत भी सामूहिक रूप से प्रस्तुत किया गया।
डीईओ ने विद्यार्थियों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के 10वीं या 12वीं में 90 प्रतिशत या अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को 1.11 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और पात्र छात्राओं की माताओं को दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये प्रतिमाह की सहायता मिलेगी।
इसके बाद डीईओ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिवाह पहुंचे, जहां शिक्षकों के नेतृत्व वाला कॅरिअर शिक्षा कार्यक्रम के प्रशिक्षण में विद्यालय प्रमुखों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार, नामांकन अभियान अबकी बार 10000 पार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रभावी कार्ययोजना अपनाने के निर्देश दिए।