पानीपत। बार बार धंस रही यमुना एक्शन प्लान की सीवरेज लाइन के टूटने और जमीन धंसने से आधे शहर की निकासी ठप होने से लेकर हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। जिसकी मुख्य वजह 27 से 50 साल पुरानी और खस्ताहाल इस लाइन में केमिकल और गैस बनने को माना गया है। इसे देखते हुए सरकार ने सात माह बाद दस किलोमीटर लंबी इस लाइन में से सिर्फ 300 मीटर को बदलने की अनुमति दी है। जिसे निगम अब 4.7 करोड़ रुपयेे खर्च कर बदलेगा।
सीवर लाइन का ये टुकड़ा सेक्टर 29 पार्ट-2 में ही बदला जाएगा, जहां अब तक तीन बार लाइन लीक होने से जमीन धंस चुकी है।
यमुना एक्शन प्लान की ये सीवर लाइन लाल बत्ती चौक से लेकर संजय चौक होते हुए, बबैल नाके से लेकर सिवाह सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक जाती है। इसमें लाल बत्ती से लेकर संजय चौक तक सीवर लाइन ईंटों की है। जबकि आगे कंक्रीट की बताई जा रही है। संजय चौक से सनौली रोड सब्जी मंड तक की लाइन करीब 50 साल पुरानी है जबकि शिव चौक से एसटीपी तक लाइन 27 साल पुरानी है।
सेक्टर 29 पार्ट-2 में करीब तीन किलोमीटर लंबी लाइन सबसे ज्यादा खस्ताहाल में हैं। जिसकी वजह से यहां के केमिकल युक्त गंदे पानी को माना गया है। जिसे फैक्टि्रयों से सीवरेज लाइन में मैनहोल के जरिए छोड़ा जा रहा है। बीते दिनों सीवर लाइन के मैनहोल से कालीन तक निकाला गया था। इस तीन किलोमीटर एरिया में से भी अब सिर्फ 300 मीटर लंबी लाइन को बदलने का काम किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि संजय चौक से लेकर एसटीपी तक करीब दस से ग्यारह किलोमीटर लंबी अगर इस लाइन को बदला जाए तो इस पर करीब 110 करोड़ रुपये खर्च होगा।
बॉक्स
बाइपास कर पाइप के अंदर डाली जाएगी दूसरी लाइन
निगम अधिकारियों ने बताया कि सीवर लाइन को बदलने के लिए शहर की निकासी का रूट बाइपास करना होगा। इसके लिए मौजूदा लाइन के साथ एक दूसरी लाइन अस्थायी तौर पर बिछाई जाएगी। चालू लाइन को कनेक्शन इसमें करने के बाद मौजूदा लाइन को खाली किया जाएगा। इसके बाद मौजूदा सीवर लाइन में नई करीब छह फुट परिधि की पाइपलाइन को घुसाया जाएगा। इस काम में दो से तीन माह का समय लग सकता है।
वर्जन:
सेक्टर 29 पार्ट-2 में जिस जगह सीवर लाइन बार बार धंस रही है, यहां की करीब 300 मीटर लंबी लाइन को बदला जाएगा। इस पर करीब 4.7 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इस काम में चालू लाइन को डायवर्ट करके चालू ही रखा जाएगा। जिससे शहर की निकासी बाधित नहीं होगी।
राजेश कौशिक, एक्सईएन, नगर निगम।