पानीपत। गर्मी आने से पहले ही शहरवासियों को पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए नगर निगम ने जोड़ तोड़ शुरू कर दी है। अधिकारियों ने पश्चिमी शहर में अलग अलग पांच जगहों पर 16.86 लाख से पांच ट्यूबवेल लगवाने का फैसला लिया है। ये ट्यूबवेल बिना पंपिंग मशीनरी के लिए लगाए जाएंगे। यानी पानी की किल्लत होने पर इन पर पंप लगाकर इनसे पानी लिया जा सकेगा।
वहीं, वार्ड दस के किशनपुरा क्षेत्र में 10.84 लाख रुपये ये दो नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। इसके अलावा वार्ड 15 में ही 31.09 लाख रुपये से डक्टाइल आयरन पाइपलाइन के कनेक्शन किए जाएंगे। जिससे पीने के पानी की वार्ड के लोगों को सुविधा मिल सके। वार्ड 15 के निवर्तमान पार्षद सुमन छाबड़ा ने बताया कि वार्ड में पीने के पानी को लेकर ट्यूबवेल से लेकर कनेक्शन तक करवाए जाने है। इसके लिए कई बार निगम अधिकारियों को प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। अब इस पर निगम ने टेंडर लगवाए हैं। निगम एक्सईएन राजेश कौशिक ने कहा कि पीने के पानी के लिए ट्यूबवेल लगाने का टेंडर पहले भी लगाए जाते रहे हैं। अब फिर से सात ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। इसके अलावा लोहे की पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी। गर्मी में शहर के लोगों को पीने के पानी के लिए पेरशान नहीं होने दिया जाएगा।