पानीपत। भीषण गर्मी के बीच बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति और त्वरित शिकायत निवारण उपलब्ध कराने के लिए बिजली निगम ने विशेष अभियान शुरू किया है। निगम ने तकनीकी कर्मचारियों को कार्यालयों में लिपिकीय कार्यों से हटाकर फील्ड में तैनात करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही रात के समय बिजली संबंधी शिकायतों की निगरानी के लिए एसडीओ स्तर पर विशेष ड्यूटी भी लगाई गई है।
बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार, कई तकनीकी कर्मचारी लंबे समय से कार्यालयों में बाबू के रूप में कार्य कर रहे थे, जिससे फील्ड में तकनीकी स्टाफ की कमी महसूस की जा रही थी। इसके कारण ट्रांसफार्मर खराब होने, तार टूटने और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं के समाधान में देरी हो रही थी। अब ऐसे कर्मचारियों को उनकी मूल जिम्मेदारी के अनुसार फील्ड में भेजा जाएगा। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
गर्मी में बढ़ती हैं फॉल्ट की घटनाएं
गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने के साथ फॉल्ट की घटनाओं में भी वृद्धि होती है। इसे देखते हुए निगम ने शिकायत निवारण व्यवस्था को और मजबूत किया है। अब रात 8 बजे से 1 बजे तक एसडीओ विशेष ड्यूटी पर रहेंगे। वे हेल्पलाइन और बिजली सुविधा केंद्रों पर प्राप्त शिकायतों की निगरानी करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वयं मौके पर पहुंचकर समाधान सुनिश्चित करेंगे।
शहर में दो और गांव में चार घंटे में आपूर्ति बहाल करने का लक्ष्य
बिजली निगम का दावा है कि ट्रांसफार्मर जलने, तार टूटने या अन्य तकनीकी खराबी की स्थिति में शहरी क्षेत्रों में दो घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में चार घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए लाइनमैन, जेई और अन्य तकनीकी कर्मचारियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
तकनीकी कर्मचारियों की फील्ड में वापसी से बढ़ेगी क्षमता
अधिकारियों का मानना है कि तकनीकी कर्मचारियों को फील्ड में तैनात करने से शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। इससे बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान में लगने वाला समय भी कम होगा।
उपभोक्ताओं की शिकायतों का निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था लागू की गई है। तकनीकी कर्मचारियों को फील्ड में तैनात किया जा रहा है और रात के समय एसडीओ स्तर पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी शिकायत का त्वरित निपटान हो सके। -धर्म सुहाग, अधीक्षण अभियंता (एसई), बिजली निगम, पानीपत
इन नंबरों पर दर्ज कराएं बिजली संबंधी शिकायत
हेल्पलाइन नंबर: 1912
टोल फ्री नंबर: 1800-180-1550
दूरभाष: 0180-2656044
एसएमएस सेवा: 9152331912
मिस्ड कॉल सेवा: 9990231912
व्हाट्सएप नंबर: 9815961912
बिजली सुविधा केंद्र: 93549-19021, 93549-19022
जून माह में एसडीओ की विशेष ड्यूटी
एसडीओ
सब डिवीजन
तिथि
मनोज कुंडू
इसराना
1, 12, 23 जून
यतेंद्र कटारा
सिटी
2, 13, 24 जून
सत्यवान कादियान
मतलौडा
3, 14, 25 जून
अंजलि मलिक
सनौली रोड
4, 15, 26 जून
परविंदर राठी
बापौली
5, 16, 27 जून
एमआई खान
छाजपुर
6, 17, 28 जून
अनिल श्योकंद
बिहौली
7, 18, 29 जून
अभिनव धनखड़
मॉडल टाउन
8, 19, 30 जून
नरेंद्र जागलान
सब अर्बन
9, 20 जून
मोहित सांगवान
सब अर्बन-2
10, 21 जून
नरेश कुमार
समालखा
11, 22 जून