अंबाला। गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में शनिवार को कथा-कीर्तन समागम का आयोजन किया गया। संगत ने गुरु चरणों में बैठकर नाम सिमरण किया, वहीं गुरुद्वारा साहिब के जत्थों ने शब्द-बाणी सुनाकर संगत को निहाल किया। इस मौके पर कथा वाचकों ने गुरु महाराज की जीवनी पर आधारित प्रवचन किए और संगत को गुरु द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की समाप्ति पर गुरु का अटूट लंगर बांटा गया। संवाद
रातगढ़ साहिब से निकली प्रभातफेरी
नारायणगढ़। गुरुद्वारा रातगढ़ साहिब में शनिवार को प्रभातफेरी का आयोजन किया गया जोकि गुरुद्वारा साहिब से आरंभ होकर नगर में पहुंची और फिर परिक्रमा करके वापस गुरुद्वारा साहिब में संपन्न हुई। इस मौके पर स्थानीय संगत ने वाहेगुरु नाम का जाप किया। संगत के घरों में पहुंची प्रभातफेरी का मिष्ठान प्रसाद बांटकर खुशी मनाई गई। संवाद
गोबिंद नगर में हुआ वाहेगुरु का जाप
अंबाला। छावनी के गोबिंद नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से शनिवार सुबह प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। गुरु चरणों में अरदास उपरांत संगत ने प्रभातफेरी में हिस्सा लिया और नाम सिमरण करते हुए क्षेत्र की परिक्रमा की। प्रभातफेरी के समापन पर संगत के बीच मिष्ठान प्रसाद का वितरण किया गया। इस मौके पर गुरुद्वारा साहिब के जत्थों ने कीर्तन सुनाकर निहाल किया। संवाद
आरपीएफ सहित जीआरपी ने चलाया अभियान
अंबाला। छठ पर्व की भीड़ कम होते ही बेशक रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली है, लेकिन स्टेशन पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां अभी भी मुस्तैद हैं। इसी कड़ी में शनिवार को भी आरपीएफ व जीआरपी ने संयुक्त तौर पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान रेलवे परिसर में खड़े वाहनों के दस्तावेज भी जांचे गए, वहीं प्लेटफार्म और ट्रेनों में भी यात्रियों का सामान चैक किया गया। इस मौके पर डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। संवाद