समालखा। शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मुख्य सड़कों, गलियों और बाजारों में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। स्थानीय निवासियों ने नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। शहरवासी डस्टबिन का उपयोग न करने के कारण कूड़ा सड़कों और गलियों पर ही फेंक देते हैं। दुकानदारों और सब्जी की रेहड़ी-पटरी वालों की लापरवाही भी चरम पर है। शाम होते ही ये लोग अपने कचरे को सड़कों पर डालकर जाते है। नगर परिषद की ओर से इनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे समस्या और गंभीर होती जा रही है। नवीन, परवीन, सुरेंद्र और भीम ने बताया कि वार्ड-17 गुड मंडी गेट पर पिछले चार दिनों से कोई सफाई कर्मचारी सफाई और कूड़ा उठान के लिए नहीं पहुंच रहा है। जिससे सड़कों पर हर जगह कूड़े के ढेर लगे है। इसी तरह रेलवे रोड पर कई जगह कचरे का ढेर लगे है। श्याम बाबा के दर्शन करने के लिए जाने वाले लोगों को गंदगी से होकर जाना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। नगर परिषद के सफाई प्रभारी ने कहा कि कर्मचारियों की कमी है, लेकिन जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी। जिससे आमजन को परेशानी न हो।